बुलियन बाजार में सोमवार को पीली धातु की कीमतों में बड़ी गिरावट आई। इंडियन बुलियन ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA ) के मुताबिक देश में आज 24 कैरेट सोने की कीमत 61,600 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई है। इससे पहले 8 दिसंबर को घरेलू बाजार में 24 कैरेट सोना 62,407 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। वहीं, चांदी का रेट 73,700 रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास चल रहा है.
IBJA की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक 22 कैरेट सोने का रेट 60,120 रुपये प्रति 10 ग्राम, 20 कैरेट सोने का रेट 54,820 रुपये प्रति 10 ग्राम, 18 कैरेट सोने का रेट 49,890 रुपये प्रति 10 ग्राम है. वैश्विक स्तर पर सोने की कीमत में कमजोरी देखी जा रही है। सोने की कीमत अपने उच्चतम स्तर 2,065 डॉलर प्रति औंस से गिरकर 2,014.65 डॉलर प्रति औंस पर आ गई है. आज के सत्र में भी सोना हल्की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है। चांदी भी 0.33 फीसदी की बढ़त के साथ 23.335 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही है.
वायदा बाजार एमसीएक्स पर सोना और चांदी का भाव लगभग सपाट है। दोपहर 2 बजे तक फरवरी सीरीज के सोने का कॉन्ट्रैक्ट मामूली गिरावट के साथ 61,701 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। वहीं, सिल्वर मार्च सीरीज कॉन्ट्रैक्ट 72,578 के भाव पर कारोबार कर रहा था। बता दें, इसी हफ्ते ब्याज दरों को लेकर यूएस फेड की बैठक होने वाली है, जिसका असर सोने और चांदी की कीमतों पर देखने को मिल सकता है।

