यूरोपीय बाजारों में गिरावट का असर सेंसेक्स और निफ्टी पर भी दिखा. देश के दोनों प्रमुख इंडेक्सों सेंसेक्स और निफ्टी 50 में शुरुआती कारोबार की बढ़त के बाद गिरावट रही. रिलांयस और बैंकिंग स्टॉक्स में गिरावट के चलते सेंसेक्स और निफ्टी अपनी बढ़त को कायम नहीं रख सके. सेंसेक्स 12 मार्च को 51,660.98 पर खुला था लेकिन कारोबार की समाप्ति पर यह 50792.08 प्वाइंट पर बंद हुआ. पिछले कारोबारी दिन सेंसेक्स 51,279.51 पर बंद हुआ था. यानी, यह 487.43 प्वाइंट्स की गिरावट के साथ बंद हुआ. दिन भर के कारोबार में सेंसेक्स 51,821.84 प्वाइंट्स तक पहुंचा था. बीएसई सेंसेक्स के 30 स्टॉक्स में सिर्फ चार पॉवर ग्रिड, टाइटन, ओएनजीसी और इंफी में बढ़त रही और शेष 24 स्टॉक्स गिरावट के साथ बंद हुए.
निफ्टी की बात करें तो यह 15321.15 पर खुला था और 15336.3 तक पहुंचा लेकिन कारोबार समाप्ति तक यह लुढ़कर 15030.95 पर बंद हुआ. निफ्टी आज 143.85 की गिरावट के साथ बंद हुआ. बैंक निफ्टी 1.35 फीसदी और निफ्टी पीएसयू बैंक 1.5 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुआ.
शुक्रवार के कारोबारी दिन में सेंसेक्स पर सबसे अधिक बढ़त पॉवरग्रिड के शेयरों में दिखी. पॉवरग्रिड के शेयर 2.28 फीसदी की तेजी के साथ 220 रुपये पर पहुंच गए. पॉवरग्रिड के बाद टाइटन के शेयर 0.75 फीसदी की तेजी के साथ 1482.5 रुपये और ओएनजीसी के शेयर 0.52 फीसदी की तेजी के साथ 115.05 रुपये पर पहुंच गए. सेंसेक्स पर सबसे अधिक गिरावट बजाज ऑटो में रही. बजाज ऑटो के शेयर 3.10 फीसदी की गिरावट के साथ 3747.5 रुपये तक लुढ़क गए. बजाज ऑटो के बाद सेंसेक्स पर सबसे अधिक गिरावट मारुति और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में रही. मारुति के शेयर 2.40 फीसदी की गिरावट के साथ 7099.85 रुपये और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर 2.06 फीसदी की गिरावट के साथ 612.85 रुपये तक लुढ़क गए.

