नई दिल्ली: पेट्रोल और डीजल की महंगाई के बाद अब आम लोगों पर एलपीजी का भी भार बढ़ गया. आज गुरुवार 25 फरवरी को कुकिंग गैस एलपीजी की कीमत 25 रुपये प्रति सिलिंडर बढ़ गई. यह बढ़ोतरी सब्सिडी वाले और उज्ज्वला स्कीम के तहत एलॉट किए गए समेत सभी श्रेणियों के सिलिंडर पर लागू है.
इस महीने फरवरी में यह तीसरी बार है जब रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है. इससे पहले 4 फरवरी को एलपीजी के भाव प्रति सिलिंडर 25 रुपये और उसके बाद 15 फरवरी को 50 रुपये बढ़ाए गए थे. इस प्रकार फरवरी महीने में ही प्रति सिलिंडर 100 रुपये अब अधिक चुकाने होंगे. इस बढ़ोतरी के बाद राजधानी दिल्ली में अब 14.2 किग्रा वाले सिलिंडर के लिए ग्राहकों को 769 रुपये की बजाय 794 रुपये चुकाने होंगे.
देश भर में एलपीजी एक भाव मार्केट प्राइस पर उपलब्ध है. हालांकि सरकार कुछ ग्राहकों को एलपीजी सिलिंडर पर सब्सिडी भी देती है. हालांकि अब मेट्रो और प्रमुख शहरों में पिछले कुछ वर्षों से कीमत बढ़ोतरी कर सब्सिडी को समाप्त कर दिया गया है. इस प्रकार दिल्ली जैसे शहरों में ग्राहकों को कोई प्राइस पर कोई सब्सिडी नहीं मिलती और 14.2 किग्रा वाले सिलिंडर के लिए ग्राहकों को 794 रुपये चुकाना पड़ेगा. ऑयल कंपनी ऑफिशियल के मुताबिक दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले लोगों को सब्सिडी प्रदान की जाती है.

