नई दिल्ली: ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री में रिवाइवल के संकेत मिल रहे हैं. ऐसा इसलिए क्योंकि देश की सबसे बड़ी कार निर्माता मारुति सुजुकी का प्रोडक्शन बढ़ा है. अगस्त में कंपनी का कुल प्रोडक्शन 11 फीसदी बढ़कर 1,23,769 हो गया. कंपनी ने पिछले साल इसी महीने में 1,11,370 कारें बनाई थीं. कंपनी का प्रोडक्शन सबसे अधिक मिनी कार और यूटिलिटी व्हीकल्स सेगमेंट में बढ़ा है. मिनी कार सेगमेंट में कंपनी की अल्टो और एसप्रेसो आती हैं. जबकि यूटिलिटी व्हीकल्स सेगमेंट में एसक्रास और विटारा ब्रिजा प्रमुख मॉडल हैं.
कंपनी की ओर से जारी बयान के अनुसार, अगस्त में पैसेंजर कारों का प्रोडक्शन 1,21,381 यूनिट था. जबकि अगस्त 2019 में यह आंकड़ा 1,10,214 दर्ज किया गया था. इस तरह पैसेंजर व्हीकल सेगमेंट में मारुति का प्रोडक्शन 10 फीसदी बढ़ा है.
मारुति सुजुकी का कहना है कि अगस्त में छोटी कारों अल्टो और एसप्रेसो मॉडल का प्रोडक्शन 22,208 दर्ज किया गया. एक साल पहले इसी महीने यह 13,814 था. इस तरह, मिनी कार सेगमेंट में कंपनी का प्रोडक्शन 61 फीसदी बढ़ा है.
कॉम्पैक्ट कार सेगमेंट की बात करें, जिनमें वैगनआर, इग्निश, स्विफ्ट, बलेनो, डिजायर शामिल हैं, का प्रोडक्शन पिछले महीने मामूली बढ़ा. अगस्त 2020 में इन कारों का कुल उत्पादन 67,348 रहा, जबकि अगस्त 2019 में यह आंकड़ा 67,095 था.

