नई दिल्ली: सऊदी अरामको ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजारों में तेल की कीमतों में आई कमी के बावजूद वह अभी भी रिलायंस इंडस्ट्रीज की रिफाइनिंग और पेट्रोकेमिकल्स कारोबार में 15 बिलियन डॉलर निवेश के सौदे पर काम कर रहा है।
“रिलायंस के साथ हमारी बातचीत अभी भी जारी है, हम रिलायंस डील के बारे में अपने शेयरधारकों को उचित समय पर अपडेट करेंगे” अरामको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमीन नासर ने रविवार को कंपनी के तिमाही नतीजों पर संवाददाताओं से बातचीत में यह जानकारी दी।
रिलायंस इंडस्ट्रीज की 15 जुलाई 2020 को हुई 43वीं एजीएम में चेयरमैन मुकेश अंबानी ने कहा था कि कोविड-19 महामारी के चलते बनी अभूतपूर्व परिस्थितियों के चलते सऊदी अरामको के साथ प्रस्तावित डील समय से नहीं हो पा रही है। लेकिन हम सऊदी अरामको के साथ अपने दो दशक से ज्यादा के कारोबारी संबंधों का सम्मान करते हैं और उसके साथ लम्बी अवधि की भागीदारी के लिए प्रतिबद्ध हैं।
आरआईएल ने अपनी एनुअल रिपोर्ट में भी कहा है कि सऊदी अरामको के साथ डील पर बातचीत चल रही है। डील होने के बाद सऊदी अरामको की एडवासं टेक्नोलॉजी का लाभ आरआईएल को मिलेगा। डील में देरी की वजह से इसके रद्द होने की आशंका जताई जा रही थी। अरामको के सीईओ डील रद्द होने की सभी आशंकाओं पर विराम लगा दिया है।

