सार्वजनिक क्षेत्र के इंडियन ओवरसीज बैंक (IOB) ने सभी टेन्योर वाले ऋण पर एमसीएलआर में 0.10 फीसदी की कटौती की है. यह कटौती 10 अगस्त से लागू होगी. शेयर बाजारों को भेजी सूचना में बैंक ने कहा कि एक साल की एमसीएलआर को 7.75 से घटाकर 7.65 फीसदी किया गया है. एक दिन के कर्ज की एमसीएलआर को 7.30 से घटाकर 7.20 फीसदी और छह महीने की एमसीएलआर को 7.65 से घटाकर 7.55 फीसदी किया गया है.
IOB ने दो साल की एमसीएलआर को 7.75 से घटाकर 7.65 फीसदी कर दिया है. चेन्नई मुख्यालय वाले बैंक ने अपनी आधार दर को 9.45 से घटाकर 9.35 फीसदी करने की भी घोषणा की है. यह कटौती 10 अगस्त से लागू होगी.
सार्वजनिक क्षेत्र के यूको बैंक (UCO Bank) ने सभी टेन्योर वाले ऋणों के लिए MCLR में 0.10 फीसदी की कटौती की है. यूको बैंक ने शुक्रवार को कहा कि संशोधित ऋण दरें 10 अगस्त से प्रभावी होंगी. इससे बैंक का एमसीएलआर से जुड़ा कर्ज सस्ता हो जाएगा. बैंक ने कहा कि एक साल की एमसीएलआर अब घटकर 7.40 फीसदी रह जाएगी. अभी यह 7.50 फीसदी है. इसी तरह तीन महीने और छह महीने की एमसीएलआर को भी घटाकर क्रमश: 7.05 फीसदी और 7.30 फीसदी किया गया है.

