मुंबई: एक दिन की गिरावट के बाद शेयर बाजारों में बृहस्पतिवार को फिर तेजी आयी और बीएसई सेंसेक्स 409 अंक की अच्छी बढ़त के साथ 36,737.69 अंक पर बंद हुआ। वैश्विक बाजारों में तेजी के बीच निवेशकों ने वित्तीय और बैंक शेयरों में जोरदार लिवाली की जिससे बाजार में मजबूती आयी।
बंबई शेयर बाजार का तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स कारोबार के दौरान एक समय 36,806.30 अंक के उच्च स्तर पर पहुंच गया था। लेकिन बाद में यह थोड़ा नीचे आया और अंत में 408.68 अंक यानी 1.12 प्रतिशत बढ़कर 36,737.69 अंक पर बंद हुआ। बुधवार को सेंसेक्स 345.51 अंक की गिरावट के साथ 36,329.01 अंक पर बंद हुआ था।
इससे पहले, पांच कारोबारी सत्रों में इसमें तेजी रही थी। नेशनल स्टॉक एक्सचेचंज का निफ्टी भी 107.70 अंक यानी 1.01 प्रतिशत मजबूत होकर 10,813.45 अंक पर बंद हुआ।दोनों सूचकांक का यह चार महीने का उच्चतम स्तर है।सेंसेक्स के शेयरों में सर्वाधिक लाभ में बजाज फाइनेंस रही। इसमें 3.93 प्रतिशत की तेजी आयी। इसके अलावा एसबीआई, टाटा स्टील, एचडीएफसी, बजाज फिनसर्व, एचसीएलटेक और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर भी बढ़त में रहे।मूल्य के हिसाब से एचडीएफसी, रिलायंस इंडस्ट्रीज और एचडीएफसी बैंक का सेंसेक्स की तेजी में सर्वाधिक योगदान रहा।दूसरी तरफ ओएनजीसी, टेक महिंद्रा, टीसीएस, एचयूएल और मारुति के शेयरों में 1.66 प्रतिशत तक की गिरावट आयी।

