देश की आर्थिक विकास दर अगले वित्त वर्ष यानी वित्त वर्ष 2022 के अंत तक कोविड-19 के पहले के स्तर पर पहुंच जाएगी. नीति आयोग के उपाध्यक्ष राजीव कुमार ने यह बात कही है. उन्होंने कहा कि मौजूदा वित्त वर्ष 2020-21 में सकल घरेलू उत्पाद (GDP) में गिरावट 8 फीसदी से कम रहने का अनुमान है. भारतीय रिजर्व बैंक ने भी मौजूदा वित्त वर्ष में आर्थिक विकास दर में गिरावट के अनुमान को 9.5 फीसदी से घटाकर 7.5 फीसदी कर दिया है.
नीति आयोग के उपाध्यक्ष कुमार ने कहा कि अगले वित्त वर्ष के लिए ग्रोथ रेट के अनुमान के बारे में न्यूज एजेंसी से कहा कि हम निश्चित रूप से वित्त वर्ष 2022 के अंत तक कोविड-19 के पहले के स्तर पर पहुंच जाएंगे. उन्होंने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था ने इंफ्रास्ट्रक्चर एक्टिविटी बढ़ने से मौजूदा वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही में उम्मीद से बेहतर सुधार दर्ज किया गया है. इस वजह से वित्त वर्ष 2021 में जीडीपी में गिरावट 8 प्रतिशत से कम रहने का अनुमान है.
जुलाई-सितंबर तिमाही में अर्थव्यवस्था में गिरावट घटकर 7.5 फीसदी रह गई है. बेहतर कंज्यूमर डिमांड से आगे अर्थव्यवस्था की स्थिति और सुधरने की उम्मीद है. एसेट मोनेटाइजेशन पर कुमार ने कहा कि यह काम मौजूदा समय में जारी है और इसपर प्राथमिकता से ध्यान दिया जा रहा है. हम इस काम को जारी रखेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि एसेट मोनेटाइजेशन लक्ष्य को हासिल किया जा सके.

