नई दिल्ली: भारतीय रिजर्व बैंक के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन ने भारतीय अर्थव्यवस्था पर कोरोना संकट के असर को लेकर कहा है कि इससे उबरने में अभी लंबा वक्त लगेगा। राजन ने एक टीवी चैनल से बातचीत में कहा कि फिलहाल अर्थव्यवस्था में सुधार की स्थिति देखने को मिल रही है, लेकिन अब भी काफी कुछ किए जाने की जरूरत है। अर्थव्यवस्था को पूरी तरह से रिकवरी में आने में अभी लंबा समय लगेगा। उन्होंने कहा कि कोरोना में रोकथाम, वैक्सीन का ईजाद करने, टेस्टिंग का दायरा बढ़ाने या फिर मेडिकल पॉलिसी को दुरुस्त करने से ही भारत की अर्थव्यवस्था में सुधार देखने को मिल सकता है।
उन्होंने कहा कि भारत अमेरिका की तरह अपनी सभी कंपनियों को बेलआउट नहीं दे सकता। राजन ने कहा कि दुनिया और भारत में बाजारों की जो स्थिति है, उस पर अब भी कोरोना का असर देखने को मिल रहा है और उसकी दहशत कम नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर भारत में कोरोना के चलते भय की स्थिति पैदा हो गई है। उसका इकनॉमी पर भी असर देखने को मिल रहा है। पूर्व गवर्नर ने कहा कि हम वायरस को रोकने में कामयाब नहीं हो सके हैं और यह लगातार पैर पसार रहा है। उन्होंने कहा कि यदि इसकी यही रफ्तार रही तो एक बिंदु पर अर्थव्यवस्था पर भी इसका असर देखने को मिलेगा।

