कॉन्ट्रैक्ट पर आईफोन बनाने वाली फॉक्सकॉन का 2024 तक भारत में कारोबार 10 अरब डॉलर से अधिक हो गया है। कंपनी के चेयरमैन यंग लियू से मिली जानकारी के मुताबिक फॉक्सकॉन ने अब तक भारत में 1.4 अरब डॉलर का निवेश किया है। लियू ने कहा, “पिछले साल तक हमने 10 अरब डॉलर से अधिक का कारोबार किया है। आने वाले साल में हम और भी बहुत कुछ करेंगे।” वह शनिवार को फॉक्सकॉन के प्लांट के पास कंपनी के महिलाओं के लिए बने आवासीय परिसर के उद्घाटन के मौके पर बोल रहे थे।
पद्म भूषण पुरस्कार विजेता लियू ने कहा कि देश की अपनी मौजूदा यात्रा के दौरान उन्होंने कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों से मुलाकात की और महसूस किया कि भारत प्रगति की ओर बढ़ रहा है। इस साल 75वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर तीसरे सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार पद्म भूषण से सम्मानित होने के बाद लियू की यह पहली भारत यात्रा है। लियू ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के साथ अपनी करीब एक सप्ताह लंबी भारत यात्रा की शुरुआत की।
उन्होंने प्रधानमंत्री से तमिलनाडु, कर्नाटक और तेलंगाना में फॉक्सकॉन के निवेश पर चर्चा की। लियू ने इन तीनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों और राज्य मंत्रियों से भी मुलाकात की। कंपनी के महिला आवासीय परिसर का उद्घाटन तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने किया। उद्घाटन के दौरान लियू ने कहा कि कंपनी बिना किसी लैंगिक भेदभाव के कर्मचारियों को नियुक्त करती है, लेकिन भारत में महिलाओं, खासकर विवाहित महिलाओं ने इसके प्रयासों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

