ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन ने अपनी एक इंडिया यूनिट अमेजन सेलर सर्विसेज में 1125 करोड़ रुपये की ताजा पूंजी डाली है. इससे अमेजन को आगामी फेस्टिव सीजन में फ्लिपकार्ट और जियोमार्ट से प्रतिस्पर्धा करने में और मजबूती मिलेगी. बिजनेस इंटेलीजेंस प्लेटफॉर्म Tofler द्वारा सोर्स्ड एक रेगुलेटरी डॉक्युमेंट से सामने आया है कि अमेजन कॉरपोरेट होल्डिंग्स प्राइवेट लिमिटेड, सिंगापुर और अमेजन डॉट कॉम इंक लिमिटेड, मॉरीशस ने अमेजन सेलर सर्विसेज में 1125 करोड़ रुपये डाले हैं. बदले में दोनों कंपनियों को शेयर दिए गए हैं.
इस साल जून में अमेजन ने अमेजन सेलर सर्विसेज में 2310 करोड़ रुपये की पूंजी डाली थी. वहीं दूसरी ओर नील्सन द्वारा किए गए एक सर्वे से सामने आया है कि अमेजन सेलर्स इस फेस्टिव सीजन में कर्मचारियों की नई भर्ती करने के लिए हायरिंग, कर्मचारी प्रशिक्षण और इंफ्रा सपोर्ट व नए प्रॉडक्ट लॉन्च में निवेश करने की तैयारी कर रहे हैं. 12-22 सितम्बर 2020 के दौरान भारत के 17 शहरों में 2000 से अधिक अमेजन सेलर्स के बीच यह सर्वे किया गया. इन शहरों में दिल्ली एनसीआर, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, हैदराबाद, बेंगलुरु, पुणे, अहमदाबाद, लखनऊ, लुधियाना, इंदौर, नागपुर, कोयम्बटूर, कोच्चि, पटना, जयपुर और राजकोट शामिल हैं. सर्वे में शामिल 98% सेलर्स फेस्टिव सीजन के दौरान ई-कॉमर्स का लाभ उठाने की उम्मीद कर रहे हैं.

