नई दिल्ली: यस बैंक ने ‘सिक्योरिटीज पर डिजिटल लोन’ नामक नई सुविधा को लॉन्च किया है. इसकी मदद से ग्राहक घर बैठे अपने म्यूचुअल फंड्स यस बैंक को डिजिटली गिरवीं रख उन पर तुरंत व अवरोध रहित लोन ले सकेंगे. किसी अतिरिक्त डॉक्युमेंटेशन की जरूरत नहीं होगी. इस डिजिटल सॉल्युशन को बैंक के ‘लोन इन सेकेंड्स’ प्लेटफॉर्म के तहत लॉन्च किया गया है. ग्राहक अपनी सिक्योरिटीज के बदले में इंस्टैंट क्रेडिट लिमिट सेट कर सकेंगे.
यस बैंक की इस नई सुविधा के जरिए ग्राहक डेट व इक्विटी दोनों तरह के म्यूचुअल फंड्स पर लोन ले सकता है. डेट म्यूचुअल फंड्स पर 1 करोड़ रुपये तक का लोन लिया जा सकता है. ग्राहक लिक्विडेशन के बिना म्यूचुअल फंड पोर्टफोलियो को बरकरार रख सकता है. लोन के तहत ब्याज उपयोग के दिनों के लिए केवल उतने ही अमाउंट पर लगेगा, जितने का उपयोग किया गया है.

