शिखर पर पहुंचने के बाद पिछले कुछ दिनों में पीली धातु यानि गोल्ड में गिरावट देखी गई है। 16 अप्रैल को एमसीएक्स एक्सचेंज पर सोने का वायदा भाव 74,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के करीब पहुंच गया था। यह सोने का सर्वकालिक उच्च स्तर था। इसके बाद से सोना 71,000 रुपये प्रति 10 ग्राम तक गिर चुका है। 18 अप्रैल को एमसीएक्स पर चांदी की कीमत 84,000 रुपये प्रति किलोग्राम थी. यह कीमत गिरकर 80,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई है. ऐसे में ये सवाल उठ रहा है कि क्या ये सोने में निवेश का सही समय है या फिर अभी और गिरावट बाकी है.
हालिया तेजी के बाद कीमती धातुओं में मुनाफावसूली हुई है। केडिया एडवाइजरी के मुताबिक सोमवार को एमसीएक्स गोल्ड में तीन साल की सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई. इसमें 2.21 फीसदी की गिरावट आई थी. वैश्विक अर्थव्यवस्था में लगातार आर्थिक दबाव के कारण महंगाई बढ़ सकती है, इसका असर सोने की कीमत पर पड़ेगा।
केडिया एडवाइजरी के मुताबिक सोने की कीमतों में अभी और गिरावट आएगी, जिससे कीमत 67,500 रुपये से 68,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के बीच आ सकती है. इसके बाद नई तेजी सोने की कीमतों को 75,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के पार ले जाएगी. वहीं, एलकेपी सिक्योरिटीज के मुताबिक आने वाले दिनों में एमसीएक्स में सोने की कीमतों को 70,000 रुपये के आसपास सपोर्ट मिल सकता है. हालाँकि, यदि कीमतें इस स्तर से नीचे गिरती हैं, तो 68,500 रुपये तक एक और बिकवाली हो सकती है। इसका कारण पश्चिम एशिया में जोखिम धारणा का कमजोर होना है.

