नरेंद्र मोदी के तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने की पुष्टि के साथ ही निवेशकों के बीच अनिश्चितता के बादल छंट गए हैं। आज सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त खरीदारी देखने को मिली। इससे 4 जून को आई गिरावट की भरपाई हो गई है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज के इंडेक्स सेंसेक्स ने आज नया ऑल टाइम हाई बनाया है। कारोबारी सत्र में यह करीब 1700 अंकों की छलांग लगाकर 76,795.31 पर पहुंच गया।
आरबीआई की एमपीसी बैठक में आज रेपो रेट को यथावत रखने का फैसला लिया गया है। इसके चलते बैंकिंग, फाइनेंस, ऑटो और रियल एस्टेट जैसे रेट सेंसिटिव सेक्टर के शेयरों में 8 फीसदी तक की तेजी आई। बीएसई सेंसेक्स आज 1618 अंकों की तेजी के साथ 76,693 पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का इंडेक्स निफ्टी 468 अंकों की तेजी के साथ 23,290.15 पर बंद हुआ। बाजार बंद होने के समय निफ्टी के 50 शेयरों में से 48 ग्रीन जोन में और 2 रेड जोन में थे।
निफ्टी पैक के शेयरों में महिंद्रा एंड महिंद्रा ने सबसे ज्यादा 5.38% की बढ़त दर्ज की। इसके बाद विप्रो में 4.99%, टेक महिंद्रा में 4.18%, इंफोसिस में 3.99% और टाटा स्टील में 3.95% की गिरावट दर्ज की गई। वहीं, सबसे ज्यादा गिरावट एसबीआई लाइफ में 1.03% और टाटा कंज्यूमर में 0.43% दर्ज की गई।
आज सभी सेक्टोरल इंडेक्स ग्रीन जोन में बंद हुए। निफ्टी आईटी में सबसे ज्यादा 3.37% की बढ़त दर्ज की गई। इसके अलावा निफ्टी ऑयल एंड गैस 2.10 फीसदी, निफ्टी रियल्टी 2.08 फीसदी, निफ्टी मेटल 2.09 फीसदी, निफ्टी ऑटो 2.56 फीसदी, निफ्टी बैंक 1.04 फीसदी, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज 1.24 फीसदी, निफ्टी एफएमसीजी 1.01 फीसदी, निफ्टी मीडिया 1.46 फीसदी, निफ्टी फार्मा 1.80 फीसदी, निफ्टी पीएसयू बैंक 1.23 फीसदी, निफ्टी प्राइवेट बैंक 1.02 फीसदी, निफ्टी हेल्थकेयर 1.52 फीसदी, निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 1.83 फीसदी और निफ्टी मिडस्मॉल हेल्थकेयर 1.34 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई।

