बैंक या NBFC से लिए गए लोन के डिफॉल्ट पर जुर्माने से जुड़े नए नियम इस साल 1 अप्रैल से लागू होंगे। RBI ने सोमवार को इस बारे में जानकारी देते हुए कहा कि संशोधित निष्पक्ष ऋण प्रणाली, जो बैंकों और गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों (NBFC) को राजस्व वृद्धि के लिए ऋण डिफ़ॉल्ट पर दंडात्मक शुल्क लगाने से रोकती है इसे अप्रैल से लागू किया जाएगा.
खबरों के मुताबिक, जुर्माना वसूलने के इस चलन से चिंतित केंद्रीय बैंक ने पिछले साल 18 अगस्त को नियमों में संशोधन किया था जिसके तहत बैंक या NBFC केवल ‘उचित’ डिफॉल्ट शुल्क ही लगा सकेंगे. बैंकों, NBFC और अन्य आरबीआई के कंट्रोल वाली संस्थाओं को इन संशोधित मानदंडों को लागू करने के लिए अप्रैल तक तीन महीने का विस्तार दिया गया था।
केंद्रीय बैंक ने यह भी कहा है कि जून तक आने वाली नवीनीकरण तिथि पर नई जुर्माना शुल्क प्रणाली में बदलाव सुनिश्चित किया जाएगा। लोन रीपेमेंट में चूक के मामले में अगस्त 2023 के दिशानिर्देश भी लागू होने के बारे में केंद्रीय बैंक ने कहा है कि इस तरह की चूक रीपेमेंट समझौते के महत्वपूर्ण नियमों और शर्तों का उल्लंघन है, इसलिए दंडात्मक शुल्क लगाया जा सकता है लेकिन यह दंडात्मक शुल्क केवल डिफ़ॉल्ट राशि पर लगाया जा सकता है। IBA और NESL ऐसे सिस्टम पर काम कर रहे हैं जिसकी मदद से लोन डिफॉल्टरों को फास्ट ट्रैक तरीके से डिफॉल्टर घोषित किया जा सके। बैंक धोखाधड़ी के रूप में पहचाने गए ऋण खातों के संबंध में सूचना उपयोगिता सेवाओं को अतिरिक्त जानकारी प्रदान करेगा। NSEL डेटा के मुताबिक, देश में 10 से 100 करोड़ रुपये तक के लोन में डिफॉल्ट सबसे ज्यादा है।

