स्मॉल कैप और मिड कैप शेयरों में पिछले दिनों में गिरावट का रुख देखा जा रहा है, जिसका असर भी स्मॉलकैप और मिडकैप म्यूचुअल फण्डों पर नज़र आ रहा है और मासिक आधार पर इसमें गिरावट देखने को मिली है. AMFI के आंकड़ों के मुताबिक, फरवरी में इक्विटी म्यूचुअल फंड में 26,866 करोड़ रुपये का निवेश आया है. इससे इक्विटी म्यूचुअल फंड का कुल एयूएम बढ़कर 23.12 लाख करोड़ रुपये हो गया है.
अगर फरवरी महीने में म्यूच्यूअल फंडों में निवेश को देखें तो स्मॉलकैप MF में कुल 2,922 करोड़ रुपये का निवेश आया है. जबकि जनवरी में ये आंकड़ा 3,257 करोड़ रुपये था यानि 10 फीसदी की गिरावट. स्मॉलकैप फंडों का कुल एयूएम घटकर 2.49 लाख करोड़ रुपये रह गया है. जबकि फरवरी में मासिक आधार पर मिडकैप फंडों में निवेश 12 फीसदी कम हुआ है. पिछले महीने मिडकैप फंडों में कुल 1,808 करोड़ रुपये आए. मिडकैप फंड का एयूएम बढ़कर 2.95 लाख करोड़ रुपये हो गया है.
दूसरी तरफ फरवरी में लार्जकैप फंडों में कुल 921 करोड़ रुपये का निवेश हुआ, जो जनवरी में 1,287 करोड़ रुपये था. इसका एयूएम बढ़कर 3.05 लाख करोड़ रुपये हो गया है. मल्टीकैप फंड की बात करें तो फरवरी में इन फंडों में कुल 2,414 करोड़ रुपये का निवेश हुआ है। यह जनवरी के 3,038.67 करोड़ रुपये के मासिक निवेश से 21 फीसदी कम है. मल्टीकैप फंड का कुल एयूएम 1.22 लाख करोड़ रुपये है.
सेक्टोरल और थीम आधारित फंडों में फरवरी में 11,262 करोड़ रुपये का निवेश हुआ है. यह जनवरी से 134 फीसदी ज्यादा था. वहीँ टैक्स सेविंग फंड यानी ELSS में फरवरी में 339 करोड़ रुपये का निवेश हुआ है. इसमें एसेट मैनेजमेंट बढ़कर 2.09 लाख करोड़ रुपये हो गया है.

