शेयर बाजार में निवेश करने के लिए निवेशक कई तरह के तरीकों का उपयोग करते हैं जिनसे उन्हें अच्छा रिटर्न मिलने की उम्मीद होती है। इसमें SIP यानि सिस्टेमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान, STP यानि सिस्टेमैटिक ट्रांसफर प्लान और SWP यानि सिस्टेमैटिक विथड्राल प्लान भी शामिल है. तो चलिए हम समझते हैं कि इन तरीकों से हम कैसे निवेश कर सकते हैं और कितना मुनाफा कमा सकते हैं.
निवेश की इन तीन रणनीतियों में व्यवस्थित निवेश योजना यानि SIP को सबसे लोकप्रिय और आसान रणनीति माना। इसके तहत निवेशकों को हर महीने EMI की तरह निवेश करना होता है. अपनी पसंद के शेयरों वाले म्यूचुअल फंड में आप एसआईपी कर सकते हैं। इसके जरिए आप लंबे समय में एक बड़ा फंड जमा कर सकते हैं।
एसआईपी अगर बड़ी धनराशि जोड़ने की एक रणनीति है तो एसडब्ल्यूपी धन निकालने की एक रणनीति है। इस रणनीति की मदद से आप टैक्स बचाकर पैसा बचा सकते हैं। SWP के तहत आप हर महीने अपनी बचत का कुछ हिस्सा निकालते हैं। SWP को रिटायरमेंट के बाद म्यूचुअल फंड से पैसे निकालने के सबसे अच्छे तरीकों में से एक माना जाता है। इसकी मदद से आप टैक्स बचाते हुए अपनी जरूरत के मुताबिक पैसे निकाल पाते हैं।
वहीँ एसटीपी भी एक ऐसा प्लान है जो बाजार में उतार-चढ़ाव के दौरान आपके रिटर्न को बढ़ाने में मदद करती है। STP में बदलती बाजार स्थितियों के अनुसार जोखिम के अनुसार फंड को ट्रांसफर किया जाता है। मान लीजिये यदि आप 50 साल के निवेशक हैं, बाजार गिरने के समय आप एसटीपी प्लान के तहत अपने फंड को इक्विटी से डेट में ट्रांसफर कर देते हैं। वहीं एक नया और युवा निवेशक एसटीपी रणनीति के तहत अपने फंड को डेट से इक्विटी में ट्रांसफर कर सकता है और बाजार के उतार-चढ़ाव का फायदा उठा सकता है।

