एग्जिट पोल में एक बार फिर मोदी सरकार को बंपर बहुमत मिलने के संकेत ने शेयर बाजार को रॉकेट की तरह उड़ा दिया है। रिकॉर्ड तेजी के साथ खुला बाजार लाइफटाइम हाई पर बंद हुआ है। बीएसई सेंसेक्स 2507.47 अंक उछलकर 76,468.78 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह एनएसई निफ्टी 733.20 अंकों की बढ़त के साथ 23,263.90 अंक पर पहुंच गया।
शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी के दम पर आज निवेशकों ने खूब कमाई की। आपको बता दें कि 31 मई को जब बाजार बंद हुआ था तो बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 4.12 लाख करोड़ था जो आज बढ़कर 4.26 लाख करोड़ हो गया है। इस तरह निवेशकों ने आज एक ही दिन में 14 लाख करोड़ कमाए।
एग्जिट पोल के आंकड़ों पर गौर करें तो 13 मई 2009 को सेंसेक्स 146.74 अंकों की गिरावट के साथ बंद हुआ था। 2014 के एग्जिट पोल के दिन कोई बड़ी अस्थिरता नहीं थी। वहीं, 2019 के एग्जिट पोल के बाद बाजार में बंपर उछाल देखने को मिला। एक बार फिर 2024 के एग्जिट पोल में बाजार ने सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। बाजार में रिकॉर्ड तेजी दर्ज की गई है।
निफ्टी बैंक ने एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर पार किया क्योंकि यह पहली बार 51,000 अंक को पार कर गया और 51,133 के इंट्राडे हाई पर पहुंच गया। स्टॉक्सबाजार के संस्थापक आशीष कुमार ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी भाजपा पार्टी के लिए तीसरे कार्यकाल की भविष्यवाणी करने वाले एग्जिट पोल ने इस सकारात्मक आंदोलन को बढ़ावा दिया।” बंद होने पर, निफ्टी बैंक 4.3 प्रतिशत बढ़कर 51,097 पर था।

