टर्म इंश्योरेंस प्लान्स के लिए प्रीमियम में जल्द 10 से 15 फीसदी की बढ़ोतरी होने की उम्मीद है. जहां कुछ बीमाकर्ताओं ने हाल के महीनों में प्रीमियम को बढ़ा दिया है, कुछ दूसरों के अप्रैल 2021 तक यह करने की उम्मीद है. RenewBuy के को-फाउंडर और प्रिंसिपल ऑफिसर इंद्रनील चैटर्जी ने कहा कि उपभोक्ताओं के लिए टर्म इंश्योरेंस प्लान्स के लिए कोविड-19 के बाद डिमांड में बढ़ोतरी और बीमाकर्ताओं द्वारा ज्यादा जोखिम का आकलन करने की वजह से 1 अप्रैल के बाद ज्यादातर बीमा कंपनियों द्वारा टर्म इंश्योरेंस प्लान्स के प्रीमियम बढ़ने जा रहे हैं.
इसलिए, जो लोग प्रीमियम में बढ़ोतरी से पहले टर्म इंश्योरेंस प्लान खरीदने की सोच रहे हैं, वे प्रक्रिया को तेज करने के लिए डिजिटल मॉडल को चुन सकते हैं. कई प्लेटफॉर्म जैसे सोशल मीडिया, वेबसाइट, ईमेल और ऐप्स का बीमाकर्ताओं से प्लान्स चुनने को लेकर सलाह लेने के लिए इस्तेमाल किए जा सकते हैं.
चैटर्जी ने कहा कि यहां डिजिटल की भूमिका उन लोगों के लिए बड़ी है, जो इस वित्त वर्ष के आखिर तक टर्म इंश्योरेंस प्लान खरीदना चाहते हैं. इंश्योरेंस खरीदने के लिए इसमें लंबे फॉर्म भरने और अनगिनत दस्तावेजों को पेश करने की जरूरत नहीं होती है. डिजिटल माध्यम और एजेंट्स द्वारा खरीदे इंश्योरेंस से उपभोक्ताओं को परिवार की जरूरतों के मुताबिक सही बीमा उत्पाद खरीदने में मदद मिलती है.
जानकारों के मुताबिक, 65 फीसदी लाइफ या टर्म इंश्योरेंस बीमा प्रक्रियाओं के पारंपरिक माध्यमों के जरिए खरीदे जाते हैं. ये एजेंट को मिलने, जानकारी इकट्ठा करने, पॉलिसी की खरीद के लिए दस्तावेजीकरण और क्लेम और अग्रीमेंट की ऑफलाइन प्रक्रियाओं पर निर्भर है. चैटर्जी ने आगे कहा कि पारंपरिक, ऑफलाइन और ब्रांच वाला इंश्योरेंस मॉडल इंश्योरेंस के लिए टीयर 2 और 3 शहरों में घुसना मुश्किल कर देता है. करीब 700 मिलियन ग्राहकों को इंश्योरेंस की जरूरत है, लेकिन पहुंच की कमी है.

