देश की प्रतिष्ठित कार कंपनी टाटा मोटर्स 2024 में कंपनी इलेक्ट्रिक कार के साथ एक नई एसयूवी लॉन्च करने जा रही है। कंपनी ने उम्मीद जताई है कि अगला कैलेंडर और वित्तीय वर्ष बिक्री के मामले में सभी रिकॉर्ड तोड़ देगा और इसके पीछे है नई गाड़ियों की लॉन्चिंग।
भारत दुनिया का सबसे बड़ा तीसरा कार बाजार है और इतने बड़े बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए कंपनी हैरियर और पंच का इलेक्ट्रिक अवतार लॉन्च करने जा रही है। साथ ही कंपनी 2024 में एक नई एसयूवी कर्व को भी लॉन्च करेगी। इस लांच के बाद पिछले तीन साल में कंपनी द्वारा लॉन्च की जाने वाली यह तीसरी एसयूवी होगी। आखिरी बार एसयूवी पंच को टाटा मोटर्स ने अगस्त 2021 में लॉन्च किया था।
कंपनी से मिली जानकारी के मुताबिक टाटा मोटर्स अपनी लोकप्रिय SUV हैरियर और पंच का EV अवतार लॉन्च करने की योजना बना रही है। पिछले दो वर्षों में टाटा मोटर्स ने अपने पोर्टफोलियो को CNG और इलेक्ट्रिक संस्करणों में विस्तारित किया है। टाटा मोटर्स ने नेक्सॉन EV और CNG अवतार के साथ हैरियर और सफारी का फेसलिफ्ट भी लॉन्च किया है। टाटा मोटर्स ने हाल ही में नेक्सॉन और नेक्सॉन EV लॉन्च की है। टाटा मोटर्स को इन दोनों मॉडल से एक लाख से अधिक बुकिंग प्राप्त हुई हैं जिनमें से लगभग 15,000 EV संस्करण के लिए हैं। कंपनी की योजना 2026 तक अपने पोर्टफोलियो में 10 EV मॉडल रखने की है। टाटा मोटर्स का लक्ष्य 2024 में कंपनी की बिक्री को 10 फीसदी की दर से बढ़ाना है।

