लगातार निराशा और गिरावट के मूड में चल रहे घरेलू शेयर बाजार ने सप्ताह के आखिरी दिन शुक्रवार को हरे निशान में शुरुआत की। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का बेंचमार्क सेंसेक्स सुबह 9.33 बजे 569.93 अंकों की उछाल के साथ 77725.72 पर कारोबार करता नजर आया। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 173.75 अंकों की बढ़त के साथ 23,523.65 के स्तर पर नज़र आ रहा था।
पावर और मेटल को छोड़कर बाकी सभी सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं। इसमें पीएसयू बैंक, आईटी, रियल्टी में 1-1 फीसदी की तेजी आई है। निफ्टी पर Apollo Hospitals, ICICI Bank, SBI, Power Grid Corp और HDFC Life टॉप गेनर्स में शामिल हैं, जबकि Adani Ports, Adani Enterprises, M&M, Axis Bank और Hero MotoCorp में गिरावट आई है।
शुक्रवार को एशियाई शेयर बाजारों में तेजी रही। सेमीकंडक्टर कंपनियों में खास तौर पर तेजी आई क्योंकि निवेशकों ने एनवीडिया कॉर्प के राजस्व परिदृश्य पर शुरुआती चिंताओं को दूर कर दिया। सोने में भी तेजी आई। ऑस्ट्रेलिया, जापान और दक्षिण कोरिया के शेयरों में तेजी आई जबकि हांगकांग और चीन के शेयरों में गिरावट आई क्योंकि गुरुवार को अमेरिका में सूचीबद्ध चीनी शेयरों का सूचकांक 1% गिर गया। MSCI एशिया पैसिफिक इंडेक्स में 0.7% की तेजी आई।

