अंतरिम बजट से पहले भारतीय शेयर बाजार ने आज सतर्क मगर मजबूत शुरुआत की है. बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का इंडेक्स सेंसेक्स 246 अंक की बढ़त के साथ 71,998.78 पर खुला। खुलते ही इसने 72,000 का आंकड़ा छू लिया, फिलहाल सेंसेक्स 180 अंकों की बढ़त के साथ कारोबार करता देखा जा रहा है. सेंसेक्स पैक के 30 शेयरों में से 13 शेयर हरे निशान पर और 17 शेयर लाल निशान पर कारोबार करते दिखे। वहीँ शुरुआती कारोबार में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक निफ्टी भी सपाट कारोबार करता नजर आया जो खबर लिखे जाने तक 50 अंक चढ़कर नज़र आ रहा है. शुरुआती कारोबार में निफ्टी पैक के 50 शेयरों में से 21 शेयर हरे निशान पर और 29 शेयर लाल निशान पर कारोबार करते दिखे। दूसरी तरफ पेटीएम के शेयरों में 20 फीसदी का लोअर सर्किट लग गया है, कल RBI ने उसपर कई तरह पाबंदियां लगा दी थीं.
निफ्टी पैक शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी बीपीसीएल, आयशर मोटर्स, मारुति सुजुकी, सिप्ला और महिंद्रा एंड महिंद्रा में देखी गई। वहीं, एलटीआई माइंडट्री, ग्रासिम, विप्रो, लार्सन एंड टुब्रो और टेक महिंद्रा में गिरावट देखी गई।
शुरुआती कारोबार में सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो निफ्टी ऑटो 1.42 फीसदी ऊपर, निफ्टी एफएमसीजी 0.92 फीसदी ऊपर, निफ्टी आईटी 0.49 फीसदी ऊपर, निफ्टी मीडिया 0.26 फीसदी ऊपर, निफ्टी फार्मा 0.04 फीसदी ऊपर रहे। निफ्टी पीएसयू बैंक 0.09 फीसदी की बढ़त के साथ, निफ्टी हेल्थकेयर 0.06 फीसदी की बढ़त के साथ और निफ्टी ऑयल एंड गैस 0.28 फीसदी की बढ़त के साथ कारोबार करता नजर आया। वहीं, निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 0.29 फीसदी, निफ्टी रियल्टी 0.13 फीसदी, निफ्टी प्राइवेट बैंक 0.43 फीसदी, निफ्टी मेटल 0.24 फीसदी और निफ्टी बैंक 0.36 फीसदी की गिरावट के साथ कारोबार करते नजर आए।

