साल का पहला दिन वोडाफोन आइडिया के लिए बड़ा शुभ साबित हुआ, शेयर बाजार में कंपनी के शेयरों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली है। बाजार खुलते ही ही वोडाफोन आइडिया का शेयर 15 फीसदी उछल गया. इसके साथ ही इसने सेंसेक्स पर 18.42 रुपये का नया 52 हफ्ते का उच्चतम स्तर बनाया है। पिछले सत्र में वोडाफोन आइडिया के शेयरों में 20 फीसदी का अपर सर्किट लगा था। पिछले छह महीने की बात करें तो वोडाफोन आइडिया के शेयर ने अपने निवेशकों को 114 फीसदी का रिटर्न दिया है. सोमवार को वोडाफोन आइडिया का ट्रेडिंग वॉल्यूम भी बढ़कर 76 करोड़ शेयर हो गया. इसका एक सप्ताह का औसत ट्रेडिंग वॉल्यूम 69 करोड़ शेयर है। वहीं मासिक औसत 42 करोड़ शेयर है।
दरअसल वोडाफोन आइडिया ये बढ़त उस रिपोर्ट की वजह से आयी है जिसमें कंपनी के प्रमोटरों की ओर से इक्विटी निवेश का दावा किया गया है. अक्टूबर 2023 में वोडाफोन आइडिया प्रबंधन ने कहा था कि प्रमोटरों द्वारा 2,000 करोड़ रुपये की प्रतिबद्धता दिसंबर तिमाही में पूरी की जानी चाहिए। इसके अलावा कंपनी मैनेजमेंट द्वारा 5G रोलआउट के लिए वेंडर्स से भी बात करने की बात कही गयी। इसके अलावा कंपनी अपने कर्ज के बोझ को भी कम कर रही है. बता दें कि वोडाफोन आइडिया ने इस साल सितंबर में दूरसंचार विभाग को 1,701 करोड़ रुपये का भुगतान किया था।
कंपनी ने सितंबर तिमाही में घाटा दर्ज किया था. कंपनी को इस तिमाही में 8,737.9 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा दर्ज किया गया था। वोडाफोन आइडिया ने सितंबर में 7.5 लाख मोबाइल ग्राहक खो दिए। इससे उसके वायरलेस यूजर्स घटकर 22.75 करोड़ रह गए हैं। सोमवार दोपहर को कंपनी का मार्केट कैप 84,556.62 करोड़ रुपये था.

