क्या आप जानते हैं कि ज़्यादातर भारतीय जीवन बीमा क्यों खरीदते हैं? केनरा एचएसबीसी लाइफ इंश्योरेंस ने हाल ही में एक सर्वे किया, जिसमें कई अहम बातें सामने आईं। सर्वे में पता चला कि अब ज़्यादातर लोग जीवन बीमा को अपनी प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर रखते हैं। सर्वे में शामिल 70 प्रतिशत लोग घर खरीदने और छुट्टियां मनाने जैसी अपनी इच्छाओं से ज़्यादा परिवार की आर्थिक सुरक्षा को अहमियत दे रहे हैं। इस सर्वे में यह जानने की कोशिश की गई कि भारतीय अपने परिवार के भविष्य के लिए कितने तैयार हैं। इसके साथ ही यह जानने की कोशिश की गई कि वे अपनी बचत और बीमा का प्रबंधन कैसे करते हैं?
टियर 1 और टियर 2 शहरों के 20 से 50 साल की उम्र के 800 लोगों पर किए गए सर्वे में पता चला कि 64% लोगों को इस बात का अफसोस है कि उन्होंने टर्म इंश्योरेंस लेने में देरी की। 83% लोग टर्म प्लान के महत्व को जानते हैं, लेकिन उनमें से सिर्फ़ 11% ही अपने कवरेज की समीक्षा करने के लिए समय निकालते हैं।
रिटायरमेंट के बारे में पूछे गए सवालों से पता चला कि 66% भारतीय 30 की उम्र में रिटायरमेंट की योजना बनाना शुरू कर देते हैं। 74% लोग रिटायरमेंट प्लानिंग में देरी का अफसोस करते हैं। इस देरी के कारण केवल 27% लोग ही रिटायरमेंट के लिए तैयार महसूस करते हैं और 24% का मानना है कि उनकी परिपक्वता राशि उनकी वित्तीय जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त है।

