आईटी शेयरों में खरीदारी के चलते गुरुवार को सेंसेक्स और निफ्टी में शानदार तेजी दर्ज की गई। बीएसई सेंसेक्स 204.33 अंक उछलकर 76,810.90 पर बंद हुआ। वहीं, एनएसई निफ्टी 75.95 अंक बढ़कर 23,398.90 पर पहुंच गया। आज के कारोबार में महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर में जबरदस्त तेजी रही। शेयर 3.13 फीसदी उछलकर 2875 रुपये पर बंद हुआ। इसके अलावा आईटी शेयरों में भी अच्छी तेजी रही।
बता दें कि आज कारोबार के दौरान बीएसई का 30 शेयरों वाला इंडेक्स सेंसेक्स 538.89 अंक उछलकर अपने सर्वकालिक शिखर 77,145.46 अंक पर पहुंच गया। एनएसई निफ्टी 158.1 अंक बढ़कर अपने रिकॉर्ड शिखर 23,481.05 अंक पर पहुंच गया। सेंसेक्स में सूचीबद्ध 30 कंपनियों में से Wipro, Tech Mahindra, Nestle, Titan, HCL Technologies, Bajaj Finance, Infosys, Kotak Mahindra Bank, Tata Consultancy Services और Bajaj Finserv शीर्ष लाभ में रहीं। Hindustan Unilever और Power Grid नुकसान में रहीं।
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कोस्पी और हांगकांग का हैंगसेंग लाभ में रहे, जबकि जापान का निक्केई और चीन का शंघाई कंपोजिट नुकसान में रहे। बुधवार को अमेरिकी बाजार सकारात्मक रुख के साथ बंद हुए। सरकारी आंकड़ों के अनुसार खाद्य उत्पादों की कीमतों में मामूली कमी के कारण मई में खुदरा मुद्रास्फीति एक साल के निचले स्तर 4.75 प्रतिशत पर आ गई और यह भारतीय रिजर्व बैंक के संतोषजनक दायरे में रही।
वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड वायदा 0.36 प्रतिशत गिरकर 82.30 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार बुधवार को विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में खरीदार रहे और उन्होंने शुद्ध रूप से 426.63 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

