मुंबई: वैश्विक स्तर पर रही तेजी के साथ ही बैंकिंग, वित्त और टेलीकॉम कंपनियों में कारोबार के अंतिम चरण में हुयी लिवाली के बल पर घरेलू शेयर बाजार बढ़त बनाने में सफल रहा। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 143.51 अंक चढ़कर 39757.58 अंक पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 26.75 अंक बढ़कर 11669.15 अंक पर रहा। इस दौरान जहां छोटी कंपनियों में बिकवाली देखी गयी वहीं मझौली कंपनियों में लिवाली हुयी। बीएसई का मिडकैप 0.36 प्रतिशत बढ़कर 14958.71 अंक पर रहा जबकि स्माॅलकैप 0.71 प्रतिशत टूटकर 15781.89 अंक पर आ गया।
बीएसई में बढ़त में रहने वाले समूहों में बैंकिंग 4.17 प्रतिशत, टेलीकॉम 3.84 प्रतिशत, वित्त 3.72 प्रतिशत और रियलटी 2.85 प्रतिशत शामिल है। गिरावट में रहने वालों में एनर्जी 7.12 प्रतिशत और तेल एवं गैस 2.52 प्रतिशत प्रमुख है।

