गुरुवार को घरेलू शेयर बाजार लाल निशान में खुला। ये लगातार पांचवां कारोबारी सत्र है जब बेंचमार्क इक्विटी इंडेक्स नकारात्मक रुख देखने को मिल रहा है। खबर लिखने के समय सेंसेक्स 355 अंक और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का इंडेक्स निफ्टी 112 अंक गोता लगाकर कारोबार कर रहा था। बीएसई स्मॉलकैप में 0.66% और बीएसई मिडकैप में 0.65% की गिरावट आई।
बीएसई सेंसेक्स के 30 शेयरों में से केवल छह शेयर एक्सिस बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, एसबीआई, आईसीआईसीआई बैंक, इंडसइंड बैंक और एचडीएफसी बैंक हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि टाटा स्टील, जेएसडब्ल्यू स्टील, पावर ग्रिड कॉर्प, नेस्ले इंडिया और टाइटन सबसे ज्यादा नुकसान में रहे।
शुरुआती कारोबार में निफ्टी पर एसबीआई, कोटक महिंद्रा बैंक, ओएनजीसी, हिंडाल्को और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी देखने को मिली, जबकि टाटा स्टील, टाइटन कंपनी, पावर ग्रिड कॉर्प, डॉ. रेड्डीज लैब्स और जेएसडब्ल्यू स्टील के शेयरों में नुकसान देखने को मिला।
एनएसई ने 30 मई 2024 को जीएमआर एयरपोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर, आदित्य बिड़ला फैशन एंड रिटेल, हिंदुस्तान कॉपर और वोडाफोन आइडिया को एफएंडओ में शामिल किया है। इससे पहले एनएसई पर उपलब्ध प्रोविजनल डेटा के मुताबिक 29 मई 2024 को विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने 5,841.84 करोड़ रुपये के शेयर बेचे जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 5,233.79 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
गुरुवार सुबह डब्ल्यूटीआई क्रूड का भाव 0.18% की गिरावट के साथ 79.14 डॉलर पर कारोबार कर रहा है, जबकि ब्रेंट क्रूड का भाव 0.15% की गिरावट के साथ 83.42 डॉलर पर कारोबार कर रहा है।

