सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन गुरुवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज के 30 शेयरों वाले सेंसेक्स ने पहली बार 79000 का आंकड़ा पार कर इतिहास रच दिया। सेंसेक्स की तरह ही नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 50 भी हर दिन कदम दर कदम नया सर्वकालिक उच्च स्तर छू रहा है। आज भी निफ्टी 24,000 अंक के करीब पहुंच गया।
गुरुवार को बाजार खुलने के साथ ही बीएसई सेंसेक्स अपने पिछले बंद 78,674.25 के मुकाबले मामूली गिरावट के साथ 78,758.67 के स्तर पर खुला, लेकिन कुछ देर सुस्त कारोबार के बाद अचानक इसमें तेजी आई और 150 से ज्यादा अंक उछलकर बीएसई सेंसेक्स ने रिकॉर्ड बनाते हुए पहली बार 79,000 का स्तर पार कर लिया। इसने 79,033.91 का नया सर्वकालिक उच्च स्तर छुआ। खबर लिखे जाने तक सेंसेक्स 197 और निफ़्टी 49 अंक ऊपर कारोबार कर रहा है.
सेंसेक्स की तरह निफ्टी ने भी पिछले कारोबारी दिन 23,868.80 के बंद स्तर से मामूली बढ़त लेते हुए 23,881.55 के स्तर पर कारोबार शुरू किया, लेकिन फिर अचानक यह भी उछलकर 23,974.70 के नए शिखर पर पहुंच गया।
मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस का शेयर लगातार दूसरे दिन बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है और रिलायंस के शेयर की कीमत 3000 रुपये के पार पहुंच गई है। बाजार खुलते ही आरआईएल का शेयर 3027.50 रुपये के स्तर पर खुला और बाजार में तेजी के बीच यह 3073 रुपये के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया। दो दिनों से शेयर में तेजी के चलते कंपनी का बाजार पूंजीकरण (रिलायंस मार्केट कैप) फिर से 20 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है।

