मुंबई: कोविड-19 के मामलों में लगातार बढ़ोतरी के बीच बैंकिंग शेयरों में गिरावट से शुक्रवार को बीएसई सेंसेक्स 674 अंक टूट गया। इस महामारी के आर्थिक प्रभाव को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है, जिससे बाजार नीचे आ रहा है।
बीएसई का 30 शेयरों का सेंसेक्स दिन में कारोबार के दौरान एक समय 27,500.79 अंक के निचले स्तर तक आया। अंत में यह 674.36 अंक या 2.39 प्रतिशत के नुकसान से 27,590.95 अंक पर बंद हुआ।
एनएसई का निफ्टी भी 170 अंक या 2.06 प्रतिशत टूटकर 8,083.80 अंक पर आ गया। सेंसेक्स की कंपनियों में एक्सिस बैंक का शेयर सबसे अधिक नौ प्रतिशत टूटा। इंडसइंड बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, टाइटन, एसबीआई, मारुति, एचडीएफसी और एशियन पेंट्स के शेयर भी नुकसान में रहे।
वहीं दूसरी ओर सनफार्मा, आईटीसी, ओएनजीसी, महिंद्रा एंड महिंद्रा और टेक महिंद्रा के शेयर लाभ में रहे। कारोबारियों ने कहा कि रोज कोरोना वायरस के नए मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे में निवेशक आर्थिक मंदी की आशंका को लेकर घबराए हुए हैं। एशियाई विकास बैंक (एडीबी) ने शुक्रवार को आगाह किया कि कोविड-19 से वैश्विक अर्थव्यवस्था को 4,100 अरब डॉलर की चोट पहुंच सकती है।

