नई दिल्ली: बजट के दिन शेयर बाजार में जो हाहाकार मचा था उसकी पूरी रिकवरी सोमवार को तो नहीं हो पाई मगर बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 136.78 अंक की तेजी के साथ 39,872.31 तथा नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 46.05 अंक मजबूत होकर 11,707.90 अंक पर बंद हुआ। वहीं कोरोना वायरस के चलते चीन के शेयर बाजार में पांच साल की सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई। शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 229.92 अंक यानी 7.72 प्रतिशत घटकर 2,746.61 अंक पर और शेनझेन कंपोजिट इंडेक्स 8.41 प्रतिशत यानी 147.81 अंक गिरकर 1,609 अंक पर बंद हुआ।
शनिवार को बजट से निराश बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स गिरावट के साथ खुला। वहीं निफ्टी भी लाल निशान पर खुला, लेकिन चंद मिनटों बाद ही बाजार संभल गया और शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स लाल से हरे निशान पर आ गया। निफ्टी में भी तेजी दिखने लगी, लेकिन यह तेजी ज्यादा देर तक बरकरार नहीं रहा सकी और सेंसेक्स 100 से ज्यादा अंक टूट गया।
ग़ौरतलब है कि बजट के दिन सेंसेक्स 988 अंक का गोता लगा गया। शनिवार को बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 987.96 अंक या 2.43 प्रतिशत टूटकर 39,735.53 अंक पर आ गया। बीते सप्ताह सेंसेक्स 1,877.66 अंक टूटा।

