घरेलू शेयर बाजार में भी गुरुवार को जोश बरकरार है । नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी बढ़कर 24,334.15 पर खुला, जबकि बीएसई सेंसेक्स बढ़कर 80,151.30 पर खुला। कारोबार की शुरुआत में Tata Motors, ICICI Bank, Infosys, Hindalco और HCL Tech निफ्टी 50 में सबसे ज्यादा बढ़त के साथ उभरे। वहीं, HDFC Bank, Cipla, Dr. Reddy’s Laboratories, Adani Enterprises और IndusInd Bank निफ्टी 50 में सबसे ज्यादा गिरावट के साथ कारोबार करने वाले शेयर रहे।
11 दिसंबर 2023 को 70057.83 अंक को छूने वाला सेंसेक्स 3 जुलाई 2024 को 80074.30 अंक पर पहुंच गया था। हालांकि बुधवार को इसमें गिरावट आई, फिर गुरुवार को बाजार 80 हजार अंक को पार कर गया। इससे पहले सेंसेक्स ने 11 दिसंबर 2023 को 70 हजार अंक को पार किया था और यह सबसे तेज 10 हजार अंक का सफर था।
गुरुवार सुबह एशियाई बाजारों में तेजी देखने को मिली। अमेरिकी बाजार ने रातोंरात रिकॉर्ड बढ़त दर्ज की और जापान के टॉपिक्स ने 2,886.50 का अपना सर्वकालिक उच्च स्तर पार कर लिया, जो इससे पहले 1989 में पहुंचा था। जापान का निक्केई 225 0.27% बढ़कर 40,692 पर कारोबार कर रहा था। इसी तरह कोरियाई इंडेक्स कोस्पी 0.87% बढ़कर 2,818.32 पर कारोबार कर रहा था।
एनएसई पर उपलब्ध अंतिम आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने 04 जुलाई, 2024 को 5,483.63 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 04 जुलाई, 2024 को 924.43 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

