सोमवार को शुरुआती कारोबार में रुपया 67 पैसे टूटकर 87.29 प्रति डॉलर के सर्वकालिक निचले स्तर पर आ गया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा कनाडा, मैक्सिको और चीन पर टैरिफ लगाने के आदेश पर हस्ताक्षर करने के बाद व्यापार युद्ध शुरू होने की खबर के बाद भारतीय रुपये में यह भारी गिरावट आई है। अमेरिका के ट्रंप ने पिछले शनिवार को मैक्सिको, कनाडा और चीन से आयात होने वाले सामानों पर भारी टैरिफ लगाने के आदेश पर हस्ताक्षर किए थे, जिसके तुरंत बाद देश के उत्तरी अमेरिकी पड़ोसियों की जवाबी कार्रवाई से व्यापार युद्ध की आशंका प्रबल हो गई है।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 87.00 प्रति डॉलर पर खुला और शुरुआती सौदों के बाद यह 67 पैसे टूटकर 87.29 प्रति डॉलर पर आ गया। शुक्रवार को रुपया अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 86.62 पर बंद हुआ था। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक शनिवार को बिकवाल रहे और उन्होंने शुद्ध रूप से 1,327.09 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
मुद्रा विशेषज्ञों का कहना है कि डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा और मैक्सिको पर 25 फीसदी और चीन पर 10 फीसदी शुल्क लगाया है। यह कदम विनाशकारी वैश्विक व्यापार युद्ध की ओर पहला कदम है। उन्होंने कहा कि विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी और तेल आयातकों की ओर से डॉलर की निरंतर मांग के कारण विदेशी बाजारों में अमेरिकी मुद्रा के व्यापक रूप से मजबूत होने से रुपया दबाव में बना हुआ है।

