देश की सबसे मूल्यवान कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने शुक्रवार शाम को जून तिमाही के नतीजे जारी किये, नतीजों के मुताबिक रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड का शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की जून तिमाही में 5.4 प्रतिशत घटकर 15,138 करोड़ रुपये रह गया। रिफाइनिंग मार्जिन में गिरावट और उच्च मूल्यह्रास लागत के कारण मुनाफे में गिरावट आई है। शेयर बाजार को दी गयी सूचना में RIL ने कहा कि उसने अप्रैल-जून 2024 तिमाही में 15,138 करोड़ रुपये या 22.37 रुपये प्रति शेयर का एकीकृत शुद्ध लाभ कमाया। एक साल पहले इसी अवधि में उसका शुद्ध लाभ 16,011 करोड़ रुपये या 23.66 रुपये प्रति शेयर था।
इससे पहले जनवरी-मार्च तिमाही में कंपनी का लाभ 18,951 करोड़ रुपये था। इस प्रकार पिछली तिमाही में कंपनी के लाभ में क्रमिक आधार पर 20 प्रतिशत की गिरावट आई। समीक्षाधीन तिमाही में रिलायंस इंडस्ट्रीज का परिचालन राजस्व बढ़कर 2.36 लाख करोड़ रुपये हो गया। जबकि अप्रैल-जून 2023 की अवधि में इसने 2.10 लाख करोड़ रुपये का रेवेन्यू अर्जित किया था।
शुक्रवार को सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड का शेयर 1.92 फीसदी यानी 60.85 रुपये की गिरावट के साथ 3109.50 रुपये पर बंद हुआ। इस शेयर का 52 हफ्ते का उच्चतम स्तर 3,217.90 रुपये है। वहीं, 52 हफ्ते का न्यूनतम स्तर 2,221.05 रुपये है। कंपनी का मार्केट कैप आज बीएसई पर 21,03,829.74 करोड़ रुपये पर बंद हुआ।

