RBI ने नई मौद्रिक नीति में UPI के जरिए होने वाले लेनदेन को लेकर बड़ा ऐलान किया है. वर्तमान में UPI के माध्यम से सामान्य लेनदेन में भुगतान की अधिकतम सीमा1 लाख रुपये है लेकिन अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को किए जाने वाले भुगतान के मामले में रिज़र्व बैंक ऑफ़ इंडिया ने अब इस ट्रांसक्शन की लिमिट को बढ़ाकर पांच लाख रुपये कर दिया है। बता दें कि आरबीआई नेआज मौद्रिक नीति की समीक्षा की. समीक्षा बैठक के बाद RBI गवर्नर शक्तिकांत दास ने बैठक में लिए गए फैसलों की जानकारी दी.
रिजर्व बैंक की ओर से नियामक नीति के बारे में बयान जारी कर बताया गया कि यूपीआई की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। कुछ विशेष श्रेणियों को छोड़कर अन्य मामलों में, यूपीआई के लिए लेनदेन की सीमा अधिकतम 1 लाख रुपये है। कुछ श्रेणियों में लेनदेन जैसे एएमसी, ब्रोकिंग, म्यूचुअल फंड आदि को पूंजी बाजार से संबंधित भुगतान और क्रेडिट कार्ड भुगतान, ऋण भुगतान, ईएमआई और बीमा से संबंधित भुगतान की सीमा 2 लाख रुपये है। इसके अलावा, रिटेल डायरेक्ट स्कीम और आईपीओ सदस्यता के लिए यूपीआई भुगतान की लेनदेन सीमा दिसंबर 2021 में बढ़ाकर 5 लाख रुपये कर दी गई है। मेडिकल और एजुकेशन सेवाओं, अस्पतालों के लिए यूपीआई के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए और शैक्षणिक संस्थानों को भुगतान के लिए लेनदेन की सीमा 1 लाख रुपये से बढ़ाकर 5 लाख रुपये की जा रही है। बयान के मुताबिक इसके लिए जल्द ही अलग से गाइडलाइन्स जारी की जाएँगी।”
रिजर्व बैंक ने कहा है कि WALP यानि वेब एग्रीगेटर्स ऑफ लोन प्रोडक्ट्स को विनियमित करने के लिए एक अलग ढांचा जारी किया जाएगा जो विभिन्न वित्तीय संस्थानों से ऋण प्रस्तावों को एक इलेक्ट्रॉनिक प्लेटफॉर्म पर एक साथ लाता है। WALP का काम विभिन्न ऋण प्रस्तावों की तुलना करके ग्राहकों को सर्वोत्तम विकल्प चुनने में मदद करना है। लेकिन वर्तमान में ऐसी सेवाएं प्रदान करने वाले लोन सर्विस प्रोवाइडर (एलएसपी) के कामकाज की निगरानी के लिए कोई अलग रेगुलेटरी ढांचा नहीं है। आरबीआई का नया रेगुलेटरी ढांचा इस कमी को दूर करेगा. इस ढांचे का मकसद वेब एग्रीगेटर्स ऑफ लोन प्रोडक्ट्स के कामकाज में ट्रांसपेरेंसी लाना है ताकि ग्राहक अपने हितों की बेहतर तरीके से रक्षा करते हुए सही निर्णय ले सकें। RBI के बयान में कहा गया है कि इस संबंध में डिटेल गाइडलाइन्स अलग से जारी की जाएँगी.

