भारतीय रिजर्व बैंक ने पांच वित्तीय संस्थानों पर जुर्माना लगाया है। इनमें सार्वजनिक क्षेत्र का यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, सीएसबी बैंक और मुथूट हाउसिंग फाइनेंस शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, आरबीआई ने वित्तीय सेवाओं की आउटसोर्सिंग में जोखिम प्रबंधन और आचार संहिता से संबंधित दिशा-निर्देशों और शाखा प्राधिकरण पर मास्टर सर्कुलर से संबंधित कुछ निर्देशों का पालन न करने पर सीएसबी बैंक पर 1.86 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है।
केंद्रीय बैंक ने एक अन्य बयान में कहा कि यूनियन बैंक ऑफ इंडिया पर अपने ग्राहक को जानो (केवाईसी) और अन्य कारणों से संबंधित कुछ मानदंडों का पालन न करने पर 1.06 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है। मुथूट हाउसिंग फाइनेंस कंपनी पर कुछ प्रावधानों का पालन न करने की वजह से पांच लाख रुपये का फाइन लगाया गया है।
इसके अलावा निडो होम फाइनेंस लिमिटेड पर भी 5 लाख रुपये और अशोका इन्वेस्टमेंट लिमिटेड पर 3.1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। आरबीआई ने कहा कि हर मामले में जुर्माना विनियामक अनुपालन में कमियों पर आधारित है और इन इकाइयों के वित्तीय लेनदेन से संबंधित नहीं है। आरबीआई ने इस साल अब तक कई बैंकों पर भारी जुर्माना लगाया है।
इस साल की शुरुआत में उसने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक ऑफ इंडिया, निजी क्षेत्र के बंधन बैंक, आईडीएफसी फर्स्ट बैंक और अन्य संस्थानों पर विनियामक मानदंडों का पालन नहीं करने के लिए जुर्माना लगाया था। आरबीआई समय-समय पर सहकारी बैंकों की समीक्षा भी करता रहता है। कई बार नियमों का उल्लंघन करने पर बैंक का लाइसेंस भी रद्द कर देता है।

