नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को पीएम मत्स्य संपदा योजना को लॉन्च किया है. पीएम मोदी ने इस योजना को बिहार में वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए लॉन्च किया. इस योजना के तहत मत्स्य प्लान क्षेत्र में 20,050 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा. इससे 70 लाख टन अतिरिक्त मछली उत्पादन होगा. इस योजना से 55 लाख रोजगार के अवसर पैदा होंगे.
योजना का लक्ष्य मत्स्य किसानों और मछुआरों की आय में बढ़ोतरी करना है. इसमें मत्स्य उत्पादों के निर्यात को बढ़ाकर 1 लाख करोड़ रुपये करने का भी लक्ष्य है.
लॉन्च के मौके पर पीएम ने कहा कि इस सभी योजनाओं का लक्ष्य गांवों को मजबूत करना और 21वीं सदी में भारत को आत्मनिर्भर बनाना है. उन्होंने कहा कि इसे देश के 21 राज्यों में शुरू किया जा रहा है जहां अगले चार से पांच सालों में निवेश किया जाएगा. इनमें से आज 1700 करोड़ के प्रोजेक्ट्स को लॉन्च किया गया.
पीएम ने बताया कि इस स्कीम के तहत पटना, पूर्णिया, सीतामढी, माधेपुरा, किशनगंज और समस्तीपुर में कई सुविधाओं का उद्घाटन किया गया है. प्रधानमंत्री ने कहा कि यह योजना मछली उत्पादकों को नया इंफ्रास्ट्रक्चर, आधुनिक उपकरण और नये बाजारों तक पहुंच उपलब्ध कराएगी. इसके साथ खेती और दूसरे माध्यमों के जरिए अवसरों को भी बढ़ाया जाएगा. उन्होंने कहा कि यह आजादी के बाद पहली बार है कि देश में मत्स्य पालन क्षेत्र के लिए ऐसी किसी बड़ी योजना को लॉन्च किया गया है.

