पेटीएम की पैरेंट कमपनी वन97 कम्युनिकेशंस लिमिटेड ने 19 जुलाई को जानकारी दी है कि वित्त वर्ष 2025 की पहली तिमाही में उसका समेकित शुद्ध घाटा ढाई गुना बढ़कर 839 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले 357 करोड़ रुपये था। कंपनी आरबीआई द्वारा भुगतान बैंक कारोबार बंद करने के कारण लगे प्रतिबंधों के प्रभाव से निपटने में लगी हुई है। क्रमिक रूप से, घाटा पिछली तिमाही के 550 करोड़ रुपये से 50 प्रतिशत अधिक है।
वित्तीय प्रौद्योगिकी फर्म का परिचालन से राजस्व वित्त वर्ष 2025 की पहली तिमाही में 36 प्रतिशत घटकर 1,502 करोड़ रुपये रह गया, जबकि एक साल पहले इसी अवधि में यह 2,342 करोड़ रुपये था। 1,502 करोड़ रुपये के राजस्व में से, भुगतान कारोबार ने 900 करोड़ रुपये का योगदान दिया, 280 करोड़ रुपये वित्तीय सेवाओं से आए जबकि शेष योगदान विपणन सेवाओं से आया। नतीजों की घोषणा के बाद पेटीएम के शेयर 1 प्रतिशत गिरकर 441 रुपये पर आ गए।
पेटीएम ने स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग में कहा, हमें उम्मीद है कि राजस्व और लाभप्रदता में सुधार होगा, जो कि जीएमवी, बढ़ते मर्चेंट बेस, ऋण वितरण व्यवसाय में रिकवरी और लागत अनुकूलन पर निरंतर ध्यान जैसे ऑपरेटिंग मापदंडों में वृद्धि से प्रेरित होगा।” भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने इस साल जनवरी में फर्म की संबद्ध इकाई पेटीएम पेमेंट्स बैंक लिमिटेड (पीपीबीएल) पर कठोर प्रतिबंध लगा दिए थे। इससे पहले, पेटीएम ने पीपीबीएल में 227.1 करोड़ रुपये के निवेश को बट्टे खाते में डाल दिया था और इसे हानि के रूप में दर्ज किया था।

