नयी दिल्ली। इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप मई के अंत तक भारत में अपनी पेमेंट सर्विस शुरू करने जा रहा है। देश के तीन प्रमुख बैंक इस प्रोडक्ट को शुरू करने के लिए तैयार हैं। इन बैंकों में आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक और एक्सिस बैंक शामिल हैं। हालांकि व्हाट्सएप की नयी सर्विस के पहले चरण में देश का सबसे बड़ा बैंक एसबीआई हिस्सा नहीं लेगा।
जानकारी के लिए बता दें कि ये चारों बैंक व्हाट्सएप के साथ इंटीग्रेटेड प्रोसेस में थे, जबकि फेसबुक के स्वामित्व वाले व्हाट्सएप ने आईसीआईसीआई बैंक के साथ बीटा टेस्टिंग शुरू की थी। अपनी नयी सर्विस के लिए व्हाट्सएप सरकार के साथ भी काम करना जारी रख हुए हैं ताकि इसके सभी उपयोगकर्ताओं को मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर ही पेमेंट की सुविधा मिल सके।
मनीकंट्रोल की एक रिपोर्ट के अनुसार व्हाट्सएप के एक प्रवक्ता का कहना है कि व्हाट्सएप पर पेमेंट सर्विस डिजिटल भुगतान में तेजी लाने में मदद करेगी। यह कोरोना संकट के दौरान विशेष रूप से महत्वपूर्ण है क्योंकि भारत में व्हाट्सएप के 40 करोड़ उपयोगकर्ताओं इसके जरिए सुरक्षित लेन-देन कर सकेंगे।
जहां तक एसबीआई का सवाल है तो आरबीआई से ऑपरेशनल मंजूरी मिलने में देरी के कारण बैंक का व्हाट्सएप के साथ अपने इंटीग्रेशन धीमा हो गया, जिसकी वजह से शुरुआत में इस सर्विस में हिस्सा नहीं ले पाएगा।

