एपीजे सुरेंद्र पार्क होटल्स के आईपीओ को बुधवार को तीसरे और आखिरी दिन 59.66 गुना बोलियां मिलीं। आईपीओ में करीब 920 करोड़ रुपये के 3,47,61,903 शेयर पेश किये गये थे. एनएसई पर उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, आईपीओ के आखिरी दिन 2,07,38,23,392 शेयरों के लिए बोलियां लगाई गईं। खुदरा व्यक्तिगत निवेशकों की श्रेणी को 30.35 गुना बोलियां प्राप्त हुईं। जबकि गैर-संस्थागत निवेशकों की श्रेणी को 52.41 गुना सब्सक्रिप्शन मिला. इसके अलावा पात्र संस्थागत खरीदारों के लिए आरक्षित श्रेणी को 75.14 गुना सब्सक्रिप्शन मिला है।
इस आईपीओ के तहत 600 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए गए और 320 करोड़ रुपये की बिक्री पेशकश की गई। आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 147 रुपये से 155 रुपये प्रति शेयर तय किया गया था। आईपीओ से प्राप्त राशि का उपयोग कर्ज चुकाने और कंपनी के सामान्य उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। इससे पहले कंपनी बड़े निवेशकों से 409.5 करोड़ रुपये जुटा चुकी है.
कंपनी के शेयर 12 फरवरी को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर सूचीबद्ध होंगे। 1987 में स्थापित एपीजे सुरेंद्र पार्क होटल्स लिमिटेड अब द पार्क, द पार्क कलेक्शन ब्रांड नाम के तहत होटलों के साथ आतिथ्य व्यवसाय संचालित करता है। एपीजे सुरेंद्र पार्क होटल्स के शेयर ग्रे मार्केट में अच्छे प्रीमियम पर ट्रेंड करते नजर आ रहे हैं। बुधवार को यह शेयर 40 रुपये प्रीमियम पर कारोबार करता नजर आया.

