ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम 2 अगस्त को खुलेगा। कंपनी ने कहा है कि वह आईपीओ से जुटाई गई राशि का बड़ा हिस्सा अपने सेल विनिर्माण संयंत्र की क्षमता विस्तार और अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी) गतिविधियों को बढ़ाने में इस्तेमाल करेगी। आईपीओ दस्तावेजों के मुताबिक कंपनी की आरंभिक शेयर बिक्री 6 अगस्त को बंद होगी। 1 अगस्त को एंकर निवेशक शेयरों के लिए बोली लगा सकेंगे। आईपीओ के तहत कंपनी 5,500 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी करेगी।
इसके अलावा प्रमोटर और निवेशकों की ओर से 8.49 करोड़ इक्विटी शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) भी लाई जाएगी। ओएफएस के तहत ओला इलेक्ट्रिक के संस्थापक भाविश अग्रवाल करीब 3.8 करोड़ शेयर बेचेंगे। आईपीओ के लिए मूल्य सीमा की घोषणा सोमवार को की जाएगी। आईपीओ सेल विनिर्माण क्षमता बढ़ाने और भविष्य की प्रौद्योगिकियों और उत्पादों पर अनुसंधान एवं विकास में निवेश करने के लिए प्रोत्साहन प्रदान करेगा।
अकाम्स ड्रग्स एंड फार्मास्युटिकल्स लिमिटेड का 1,857 करोड़ रुपये का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) 30 जुलाई को खुलेगा। कंपनी के बयान के अनुसार आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 646-679 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। यह 30 जुलाई को खुलेगा और एक अगस्त को बंद होगा। एंकर (बड़े) निवेशक 29 जुलाई को बोली लगा सकेंगे। बयान में कहा गया है कि आईपीओ में 680 करोड़ रुपये के नए शेयर और 1,177 करोड़ रुपये के 1.73 करोड़ शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) शामिल है। कंपनी ने सार्वजनिक निर्गम में अपने कर्मचारियों के लिए 15 करोड़ रुपये के शेयर आरक्षित रखे हैं।

