वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को भारतीय रुपये की विनिमय दर में गिरावट की आलोचना को खारिज करते हुए कहा कि यह सिर्फ मजबूत होते डॉलर के मुकाबले कमजोर हुआ है, जबकि मजबूत आर्थिक बुनियाद के कारण यह अन्य सभी मुद्राओं के मुकाबले स्थिर बना हुआ है। केंद्रीय बजट पेश करने के एक दिन बाद सीतारमण ने कहा कि पिछले कुछ महीनों में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में तीन प्रतिशत की गिरावट चिंता का विषय है क्योंकि इससे आयात महंगा हो गया है, लेकिन यह सच नहीं है कि इसकी विनिमय दर में हर तरफ गिरावट आई है।
उन्होंने कहा, मैं रुपये की विनिमय दर में गिरावट को लेकर चिंतित हूं लेकिन मैं यह आलोचना स्वीकार नहीं करूंगी कि ओह रुपया कमजोर हो रहा है! हमारे वृहद आर्थिक बुनियाद मजबूत हैं। अगर बुनियाद कमजोर होती तो रुपया सभी मुद्राओं के मुकाबले स्थिर नहीं होता। पिछले कुछ महीनों में भारतीय रुपया दबाव में रहा है लेकिन एशिया और अन्य देशों की मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर के लिहाज से यह सबसे कम अस्थिर मुद्रा रही है। हाल ही में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंचने का कारण व्यापार घाटे में वृद्धि के साथ-साथ अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा 2025 में ब्याज दरों में कम कटौती के संकेत के बाद डॉलर इंडेक्स में उछाल है।
सीतारमण ने कहा, रुपये में उतार-चढ़ाव डॉलर के मुकाबले है। रुपया किसी भी अन्य मुद्रा की तुलना में कहीं अधिक स्थिर रहा है। डॉलर के मजबूत होने के कारण रुपये में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा, “आरबीआई उन तरीकों पर भी विचार कर रहा है, जिनसे वह भारी उतार-चढ़ाव के कारणों को ठीक करने के लिए बाजार में हस्तक्षेप करेगा। इसलिए हम सभी स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहे हैं।” रुपये के उतार-चढ़ाव और विनिमय दर में गिरावट की आलोचना करने वालों के बारे में वित्त मंत्री ने कहा कि वे तर्क देने में जल्दबाजी दिखा रहे हैं।

