नयी दिल्ली: राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) ने कर्ज के बोझ से दबी एमटेक ऑटो लि. के लिए डेक्कन वैल्यू इन्वेस्टर्स (डीवीआई) की 2,700 करोड़ रुपये की बोली को मंजूरी दे दी है। एनसीएलटी की चंडीगढ़ पीठ ने वाहन कलपुर्जा कंपनी के लिए डीवीआई की समाधान योजना को मंजूरी दे दी है।
एमटेक ऑटो पर कुल 12,700 करोड़ रुपये का कर्ज है। न्यायाधिकरण ने कहा कि डीवीआई की समाधान योजना कॉरपोरेट दिवाला समाधान प्रक्रिया (सीआईआरपी) की सभी जरूरतों को पूरा करती है और इसे ऋणदाताओं की समिति (सीओसी) ने मंजूरी दी है।
एनसीएलटी की प्रदीप आर सेठी और अजय कुमार वत्सवयी की पीठ ने नौ जुलाई को जारी आदेश में कहा, ‘‘इसके मद्देनजर हम सीओसी द्वारा मंजूर डीवीआई की समाधान योजना को मंजूरी देते हैं।’’ इसके साथ ही एनसीएलटी ने इस योजना के क्रियान्वयन के लिए पांच सदस्यों की समिति बनाने का भी निर्देश दिया है।

