सेंसेक्स की 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से 5 के बाजार मूल्यांकन में पिछले हफ्ते 1,13,117.17 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ। सबसे ज्यादा फायदा भारती एयरटेल को हुआ। समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान जहां टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक और इन्फोसिस के बाजार पूंजीकरण में इजाफा हुआ, वहीं रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारतीय स्टेट बैंक, भारतीय जीवन बीमा निगम , आईटीसी और हिंदुस्तान यूनिलीवर के मूल्यांकन में गिरावट आई।
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान भारती एयरटेल का मार्केट कैप 47,836.6 करोड़ रुपये बढ़कर 9,57,842.40 करोड़ रुपये हो गया। इंफोसिस की मार्केट हैसियत 31,826.97 करोड़ रुपये बढ़कर 8,30,387.10 करोड़ रुपये हो गई। एचडीएफसी बैंक का मूल्यांकन 11,887.78 करोड़ रुपये बढ़कर 14,31,158.06 करोड़ रुपये और आईसीआईसीआई बैंक का मूल्यांकन 11,760.8 करोड़ रुपये बढ़कर 9,49,306.37 करोड़ रुपये हो गया। टीसीएस का मार्केट कैप 9,805.02 करोड़ रुपये बढ़कर 16,18,587.63 करोड़ रुपये हो गया। इस रुझान के विपरीत रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण 52,031.98 करोड़ रुपये घटकर 17,23,144.70 करोड़ रुपये रह गया।
एलआईसी की बाजार हैसियत 32,067.73 करोड़ रुपये घटकर 5,89,869.29 करोड़ रुपये रह गई। हिंदुस्तान यूनिलीवर (एचयूएल) का मूल्यांकन 22,250.63 करोड़ रुपये घटकर 5,61,423.08 करोड़ रुपये रह गया। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) का बाजार मूल्यांकन 2,052.66 करोड़ रुपये घटकर 7,69,034.51 करोड़ रुपये रह गया। आईटीसी की बाजार हैसियत 1,376.19 करोड़ रुपये घटकर 5,88,195.82 करोड़ रुपये रह गई। शीर्ष 10 कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर रही। उसके बाद क्रमशः टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, इंफोसिस, एसबीआई, एलआईसी, आईटीसी और हिंदुस्तान यूनिलीवर का स्थान रहा।

