देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी एलआईसी को नए साल पर झटका मिला है, उसे नए साल के पहले दिन जीएसटी विभाग से 806 करोड़ रुपये का डिमांड नोटिस मिला है। LIC पर टैक्स न चुकाने के लिए जुर्माना भी लगाया है. यह जुर्माना वित्तीय वर्ष 2017-18 में महाराष्ट्र में किए गए व्यापारिक लेनदेन को लेकर है। इस बात की जानकारी एलआईसी की ओर से स्टॉक एक्सचेंज पर दी गई है.
जानकारी में कहा गया कि LIC को 806 करोड़ रुपये का जीएसटी डिमांड नोटिस मिला है. इसमें 365 करोड़ रुपये का जीएसटी, 404 करोड़ रुपये का जुर्माना और 37 करोड़ रुपये का ब्याज शामिल है। ेक्सःचंगे को दी गयी जानकारी में कहा गया है कि कंपनी को महाराष्ट्र राज्य के लिए जीएसटी डिमांड नोटिस प्राप्त हुआ है। एलआईसी ने अब इस डिमांड नोटिस और जुर्माने के खिलाफ मुंबई में आयोग जाने का फैसला किया है।
जानकारी के मुताबिक जीएसटी डिमांड नोटिस कथित उल्लंघनों पर केंद्रित है जिसमें मुख्य रूप से सीजीएसटी नियम 42 और 43 के तहत इनपुट टैक्स क्रेडिट का गैर-वापसी, पुनर्बीमा से प्राप्त आईटीसी का रिवर्स होना, जीएसटीआर -3 बी के साथ दायर विलंबित भुगतान पर ब्याज, प्राप्त अग्रिम पर ब्याज शामिल है। एलआईसी ने स्पष्ट किया है कि इस डिमांड नोटिस का उसके संचालन, वित्त और अन्य गतिविधियों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। शेयर बाज़ार में इस नोटिस के असर की बात करे तो आज के कारोबारी सत्र में एलआईसी के शेयरों में खबर लिखे जाने तक 15 रूपये की गिरावट है और ये 844 रुपये प्रति शेयर पर कारोबार कर रहा है।

