‘भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2025’ के दूसरे दिन किआ इंडिया ने पिछले साल लांच की गयी कार्निवल MPV का और भी शानदार हाई रूफ वर्जन लॉन्च किया है। नया वर्जन 6-सीटर में आता है और देश में रेगुलर कार्निवल की तुलना में इसमें ज़्यादा आरामदेह सुविधाएँ हैं। इस मॉडल का मुख्य आकर्षण ऊपर की तरफ़ इंटीग्रेटेड स्टाइलिश रूफ बॉक्स है। इसके अलावा, किआ कार्निवल हाई लिमोसिन देश में बिकने वाली अपनी मौजूदा पीढ़ी के समान दिखती है।
नई कार्निवल अंदर से भी हाई लिमोसिन अपने मौजूदा भारतीय स्पेक के समान दिखती है। इसमें डैशबोर्ड डिज़ाइन पुराना है, हालाँकि दूसरी पंक्ति में एक्सटेंडेड लेग सपोर्ट के साथ दो बड़ी कैप्टन सीटें, हीटिंग और वेंटिलेशन को नियंत्रित करने के लिए अलग-अलग स्क्रीन सेटअप, एसी कंट्रोल, केबिन लाइट और पर्दे हैं, जिससे कार में ज़्यादा आराम देने की कोशिश की गई है.
सेफ्टी की बात करें तो इसमें 8 एयरबैग, 360 डिग्री कैमरा, टीपीएमएस, लेवल 2 एडीएएस मिलते हैं। किआ इंडिया ने शुक्रवार को ऑटो एक्सपो में अपनी इलेक्ट्रिक एसयूवी EV6 का नया और एडवांस वर्जन भी पेश किया। नई EV6 में डिजाइन, फीचर्स और परफॉर्मेंस के मोर्चे पर बड़े सुधार का दावा किया गया है। नए मॉडल की बुकिंग शुक्रवार से शुरू हो गई है। जबकि कीमत का खुलासा मई 2025 में होगा। इस इलेक्ट्रिक वाहन में 650 किलोमीटर से ज्यादा की रेंज वाली 84 kWh क्षमता वाली बैटरी है।
इसका फास्ट चार्जर सिर्फ 18 मिनट में 10 से 80 फीसदी तक चार्ज कर सकता है। किआ इंडिया के प्रबंध निदेशक और सीईओ ग्वांगजू ली ने कहा, “नई EV6 के साथ, हम भारतीय उपभोक्ताओं को पर्यावरण के प्रति जागरूक, अगली पीढ़ी की तकनीक की पेशकश करने की दिशा में एक साहसिक कदम उठा रहे हैं।”

