हर इंसान का सपना होता है कि उसका अपना घर हो लेकिन आज की मंहगाई के दौर में इस सपने को पूरा करना आसान नहीं है, अपना आशियाना बनाने में काफी बड़ी रकम लगती है. लोगों का मानना है कि इंसान जीवन में घर एक ही बार बनाता है तो ऐसे में चाहता है कि वो उसके सपनों का घर हो जो उसकी ज़रूरतें पूरी कर सके, उसे शांति दे सके. घर परिवार के साथ वो ख़ुशी से रह सके. आप पैसे की कमी के बावजूद अब अपने सपनों के घर का सपना साकार कर सकते हैं और उसके लिए बैंक होम लोन की सूरत में आपकी मदद करते हैं.
घर बनाने के लिए होम लोन एक अच्छा विकल्प है। लेकिन इससे पहले आपको अपनी वित्तीय स्थिति की जांच कर लेनी चाहिए. यह जानना महत्वपूर्ण है कि क्या आप होम लोन की ईएमआई का भुगतान समय से कर सकते हैं और क्या आप व्यक्तिगत दबाव के बिना होम लोन का डाउन पेमेंट कर सकते हैं। इसके अलावा किसी भी आपात स्थिति के लिए आपके पास बचत होना भी जरूरी है।
होम लोन लेने से पहले आपको अपने नजदीकी ऋणदाताओं और बैंकों से ब्याज दरों के बारे में जानकारी प्राप्त कर लेनी चाहिए। आपको EMI दरें भी मालूम होनी चाहिए. वह बैंक चुनें जिसकी दरें आपकी आवश्यकताओं के मुताबिक हों। घर खरीदने के मौके पर सावधानी बरतें ताकि यह आपके बजट और रहने की जगह के अनुरूप हो। अगर आप घर पहली बार खरीद रहे हैं तो अफोर्डेबल हाउसिंग स्कीम का भी आप लाभ उठा सकते हैं जो प्रधानमंत्री आवास योजना का हिस्सा है। इस योजना के तहत पहली बार घर खरीदने वालों को कुछ शर्तों पर होम लोन मिल सकता है लेकिन पहले आपको डाउन पेमेंट करना होगा।
आप जब भी होम लोन के लिए अप्लाई करें तो लंबी अवधि का चयन न करें क्योंकि इससे आपकी ईएमआई तो ज़रूर कम होगी लेकिन आपको अधिक ब्याज देना होगा। होम लेने से पहले सभी दस्तावेजों को ध्यान से पढ़ें और उसमें लिखी शर्तों को अच्छी तरह जानकर ही कदम आगे बढ़ाएं ताकि किसी भी स्तर पर आपको कोई परेशानी न हो।

