सरकार की तरफ से लघु बचत योजनाओं को लेकर एक अच्छी खबर आई है और वो ये है कि सुकन्या समृद्धि योजना और तीन साल की सावधि जमा पर सरकार ने ब्याज दर 0.20 फीसदी बढ़ाने की घोषणा की. हालांकि सरकार ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि अन्य सभी छोटी बचत योजनाओं पर ब्याज दरें पहले जैसी बनी रहेंगी.
जानकारी के मुताबिक केंद्र सरकार ने जनवरी-मार्च तिमाही के लिए सुकन्या समृद्धि योजना पर ब्याज दरों में 20 बेसिस पॉइंट और तीन साल की फिक्स्ड डिपॉज़िट पर 10 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी की जबकि दूसरी सभी छोटी बचत योजनाओं के लिए दरें पहले की ही तरह बरकरार हैं। वित्त मंत्रालय द्वारा जारी सर्कुलर में कहा गया है कि सुकन्या समृद्धि योजना के तहत जमा पर ब्याज दर अब 8 फीसदी से बढ़कर 8.2 फीसदी हो जाएगी. इसी तरह 3 साल की सावधि जमा पर ब्याज दर 7 से बढ़ाकर 7.1 फीसदी कर दिया गया है.
सरकार ने ये भी कहा है कि पीपीएफ पर ब्याज दर 7.1 प्रतिशत होगी और बचत जमा पर केवल 4 प्रतिशत होगी। इसी तरह किसान विकास पत्र पर भी ब्याज दर 7.5 फीसदी होगी और यह 115 महीने में मैच्योर होगा. 7.7 फीसदी की मौजूदा दर 1 जनवरी से 31 मार्च 2024 तक नेशनल सेविंग सर्टिफिकेट (NSC) पर भी लागू रहेगी. बता दें कि सरकार हर तिमाही में मुख्य रूप से डाकघरों द्वारा संचालित छोटी बचत योजनाओं पर ब्याज दरों को अधिसूचित करती है। केंद्रीय बैंक ने मई 2022 से बेंचमार्क उधार दर 2.5 प्रतिशत से बढ़ाकर 6.5 प्रतिशत कर दी जिससे बैंकों को जमा पर ब्याज दरें बढ़ाने के लिए भी प्रेरित किया गया, हालाँकि केंद्रीय बैंक ने इस साल फरवरी से लगातार पिछली पाँच मौद्रिक नीति समिति की बैठकों में नीति दर पर यथास्थिति बनाए रखी है।

