भारत का निर्यात दिसंबर 2020 में बढ़कर 27.15 अरब डॉलर पर पहुंच गया. जबकि आयात 7.56 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 42.59 अरब डॉलर पर पहुंच गया. शुक्रवार को जारी आधिकारिक डेटा से यह जानकारी मिली है. मर्चेंडाइज एक्सपोर्ट दिसंबर 2019 में 27.11 डॉलर पर था जबकि आयात कुल 39.59 अरब डॉलर पर रहा था. सरकारी डेटा के मुताबिक, दिसंबर 2020 के लिए व्यापार घाटा 15.44 अरब डॉलर पर रहा, जो दिसंबर 2019 में 12.49 अरब डॉलर पर था. इसमें 23.66 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है. सरकारी डेटा से यह जानकारी मिली है.
डेटा के मुताबिक, भारत का कुल निर्यात (मर्चेंडाइज और सर्विसेज) अप्रैल-दिसंबर 2020-21 में 348.49 अरब डॉलर पर रहा, जो पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 12.65 फीसदी की नकारात्मक ग्रोथ है. अप्रैल-दिसंबर के दौरान कुल आयात सालाना आधार पर 25.86 फीसदी की गिरावट के साथ 343.27 अरब डॉलर पर पहुंच गया.
डेटा के मुताबिक, पेट्रोलियम उत्पादों का निर्यात दिसंबर में 35.35 फीसदी गिरकर 2.34 अरब डॉलर पर पहुंच गया है. जबकि रेडिमेड कपड़ों का निर्यात 15.05 फीसदी गिरकर 1.19 अरब डॉलर पर पहुंच गया. हालांकि, इलेक्ट्रिक सामान का निर्यात 16.51 फीसदी बढ़कर 1.25 अरब डॉलर पर पहुंच गया. और कैमिकल का निर्यात 10.79 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 2 अरब डॉलर हो गया.
चावल, चाय, मसालों और ऑयल स्पाइस की शिपमेंट भी दिसंबर 2020 में पिछले साल के समान महीने के मुकाबले ज्यादा थी.

