कमजोर ग्लोबल संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजार में भी आज दबाव देखने को मिला है. कारोबार के अंत में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों हल्की तेजी के साथ हरे निशान में बंद रहने में कामयाब हुए. सेंसेक्स में 95 अंकों की हल्की तेजी रही और यह 38,067.93 के स्तर पर बंद हुआ है. वहीं, निफ्टी में भी 4 अंकों की हल्की तेजी के साथ 11227 के स्तर पर बंद हुआ. इसके पहले मंगलवार और सोमवार को बाजार कमजोर होकर बंद हुआ था. आज के कारोबार में बैंक और मेटल शेयरों में बिकवाली रही है. एफएमसीजी शेयरों में तेजी देखने को मिली है. टेक महिंद्रा और टाइटन कंपनी आज के टॉप गेनर तो एयरटेल आज के टॉप लूजर हैं. ग्लोबल संकेतों की बात करें तो प्रेसिडेंशियल डिबेट से पहले अमेरिकी बाजार कल नर्वस दिखे. कल के कारोबार में डाउ जोंस में 130 अंकों से ज्यादा गिरावट रही. आज एशियाई बाजार भी सुस्त रहे हैं.
आज के कारोबार में सेंसेक्स 30 के 16 शेयरों में गिरावट रही है. टेक महिंद्रा और टाइटन कंपनी के अलावा टॉप गेनर्स में नेस्ले इंडिया, एचयूएल, एचडीएफसी बैंक और एचडीएफसी शामिल हैं. वहीं, टॉप लूजर्स में एयरटेल, टाटा स्टील, इंडसइंड बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, सनफार्मा और आईसीआईसीआई बैंक शामिल हैं. निफ्टी के प्रमुख 11 इंडेक्स में 5 लाल निशान में बंद हुए हैं. मेटल इंडेक्स में 2 फीसदी से ज्यादा गिरावट रही है. पीएसयू बैंक इंडेक्स में 1 फीसदी से ज्यादा गिरावट रही तो रियल्टी भी 0.77 फीसदी टूटकर बंद हुआ. आटो इंडेक्स भी लाल निशान में बंद हुआ.
आज के कारोबार में रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में करीब आधे फीसदी की गिरावट रही. आज सुबह ही खबर आई कि जनरल अटलांटिक रिलायंस के रिटेल कारोबार की 0.84 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने के लिए 3675 करोड़ निवेश करेगी. हालांकि इसके बाद भी शेयर में ज्यादा तेजी नहीं देखने को मिली.

