गुरूवार को सेंसेक्स और निफ्टी दोनों इंडेक्स कमजोर होकर बंद हुए। सेंसेक्स करीब 350 अंक कमजोर हो गया है. निफ्टी भी 21350 के आसपास बंद हुआ है. आज के कारोबार में लगभग ज्यादातर सेक्टर में बिकवाली देखने को मिली. निफ्टी पर सिर्फ ऑटो, मेटल और रियल्टी इंडेक्स हरे निशान में बंद हुए। वहीं बैंक, आईटी, फाइनेंशियल, फार्मा और एफएमसीजी लाल निशान में हैं। आईटी इंडेक्स 1.5 फीसदी गिरा है. सेंसेक्स में 360 अंकों की गिरावट आई है और यह 70701 के स्तर पर बंद हुआ है. वहीं निफ्टी 101 अंक गिरकर 21353 के स्तर पर बंद हुआ है.
दिग्गज शेयरों में बिकवाली देखने को मिली है। सेंसेक्स 30 के 21 शेयर लाल निशान में बंद हुए. आज के टॉप गेनर्स में एनटीपीसी, आईसीआईसीआईबैंक, इंडसइंडबीके, रिलायंस शामिल हैं। जबकि टॉप लूजर्स में TECHM, BHARTIARTL, ITC, WIPRO, HCLTECH शामिल हैं।
घरेलू शेयर बाजार के लिए आज वैश्विक संकेत कमजोर रहे हैं। आज के कारोबार में प्रमुख एशियाई बाजारों में मिलाजुला रुख देखने को मिला है. इससे पहले बुधवार को अमेरिकी बाजार भी मिलेजुले बंद हुए थे. बुधवार को डाउ जोंस इंडस्ट्रियल 99 अंक गिरकर 37806.39 के स्तर पर बंद हुआ। NASDAQ कंपोजिट में 56 अंकों की बढ़त रही और यह 15,481.92 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं एसएंडपी 500 इंडेक्स 4 अंक बढ़कर 4868.55 के स्तर पर बंद हुआ।
आईटी सेक्टर की दिग्गज कंपनी टेक महिंद्रा के शेयरों में आज भारी गिरावट देखने को मिल रही है। आज इंट्राडे में शेयर करीब 7 फीसदी गिरकर 1320 रुपये के भाव पर आ गया. कंपनी ने बुधवार को दिसंबर तिमाही के नतीजे जारी किए, जो बेहद कमजोर रहे. कंपनी का मुनाफा 60 फीसदी तक घट गया है. मार्जिन पर भी दबाव देखने को मिला है.

